युवा उद्घोष कार्यक्रम में संबोधित करते अमित शाह
- फोटो : अमर उजाला
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि तीन तलाक के नाम पर मुस्लिम महिलाओं के साथ अमानवीय व्यवहार होता था। केंद्र सरकार ने जब उन्हें अधिकार देकर सजा का प्रावधान किया तो कांग्रेस ने इसका विरोध कर अलग रंग देने की कोशिश की।
शाह शनिवार को महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के खेल मैदान में पार्टी के युवा उद्घोष कार्यक्रम को मुख्य अतिथि के तौर पर संबोधित कर रहे थे। राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रदेश में बढ़ते विकास और कानून व्यवस्था कायम करने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ की तारीफ की।
पीएम नरेंद्र मोदी की अगुवाई में हो रहे काशी के विकास का जिक्र किया। कहा कि आजादी के बाद अब तक इतना विकास कांग्रेस ने किया था। काशी का भौतिक विकास के साथ आध्यात्मिक विकास होगा।
इस मौके पर योगी ने राष्ट्र निर्माण के लिए युवा शक्ति को काशी से संदेश दिया। पुलिस में 1.62 लाख और शिक्षक में 1.37 लाख पदों पर आगामी तीन माह के भीतर भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी। प्रदेश अध्यक्ष डॉ. महेंद्र नाथ पांडेय ने पीएम मोदी, शाह और सीएम के कार्यों की सराहना की।
काशी के बाबतपुर एयरपोर्ट पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष का सीएम और प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्र नाथ पांडेय ने जोरदार स्वागत किया। यहां से सर्किट हाउस पहुंचे। जहां पार्टी पदाधिकारियों से भेंट करने के बाद महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के खेल मैदान पहुंचे।
यहां युवा उद्घोष कार्यक्रम में नए भारत के निर्माण के लिए पार्टी से जुड़ने वाले 18 से 35 साल के युवाओं का स्वागत किया। यहां सीएम ने राष्ट्रीय अध्यक्ष को कुंभ का लोगो भेंट किया। इसके बाद कुबेर कांप्लेक्स में भारतीय रत्न एवं आभूषण संस्थान के विस्तार केंद्र का फीता काटकर उद्घाटन किया।
यहां से शगुन लॉन में आयोजित संस्थान के कार्यक्रम में भाग लिया। शाह और सीएम ने बाबा विश्वनाथ और कालभैरव मंदिर में दर्शन पूजन किया। इसके बाद बाबतपुर एयरपोर्ट पर शाह की विदाई कर सीएम भी रवाना हो गए।
युवा उद्घोष में नारी शक्ति दिखी ‘खामोश’
अमित शाह, योगी आदित्य नाथ व महेन्द्र नाथ पांडेय युवाओं का अभिवादन करते हुए
- फोटो : अमर उजाला
लक्ष्य साफ था, युवा उद्घोष के जरिये बनारसी समेत पूरे पूर्वांचल के नौजवानों में अपनी गहरी पैठ बनाना। लेकिन, इस युवा उद्घोष कार्यक्रम में नारी शक्ति पूरी तरह खामोश दिखी। कार्यक्रम में युवतियों, लड़कियों का नहीं होना स्पष्ट संकेत था कि आधी आबादी का इस उद्घोष की आवाज पहुंच ही नहीं सकी।
वो भी तब, जब मंच पर नारी शक्ति का प्रतिनिधित्व करती हुईं मेयर, जिला पंचायत अध्यक्ष के साथ बेसिक शिक्षा मंत्री मौजूद थीं। पार्टी ने युवा उद्घोष के जरिये नौजवानों को पार्टी से जोड़ने की मुहिम शुरू की है।
इसी कड़ी में खुद पार्टी अध्यक्ष अमित शाह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ कई दिग्गजों ने काशी विद्यापीठ में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत की। पार्टी नेताओं ने इसे सफल बनाने में पूरी ताकत भी झोंकी। युवाओं का पंजीकरण भी कराया। कार्यक्रम में 17 से 35 साल के 17 हजार युवाओं की भागीदारी होनी थी।
वो बात इतर है कि कार्यक्रम में मौजूद भीड़ उनके आशा के अनुरूप नहीं थी लेकिन एक बात और खटक रही थी, वो ये कि इस युवा उद्घोष में आधी आबादी की हिस्सेदारी ना के बराबर थी। एक भी युवति इस युवा उद्घोष का हिस्सा नहीं बनी।
चर्चा भी हुई और सवाल भी उठे कि आखिर भाजपा ने इस कार्यक्रम में युवतियों, महिलाओं की हिस्सेदारी क्यों नहीं होने दी? जबकि पार्टी खुद को आधी आबादी का पैरोकार मानती है और इधर बीच तीन तलाक का मुद्दा भी काफी छाया हुआ है।
ऐसे में महिलाओं की हिस्सेदारी तो बनती ही थी। कई लोगों का ये भी कहना था कि कई युवतियों ने ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन कराया था लेकिन कार्यक्रम में कोई पहुंचा नहीं।