लोकसभा चुनाव से पहले कुंभ के बहाने संतों को साधने संगम नगरी पहुंचे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने न केवल साधु संतों के साथ रहे बल्कि दर्शन पूजन के बहाने हिंदुत्व एजेंडे को बरकरार रखा है। पूर्वांचल में पार्टी की गहरी पैठ बनाने के लिए काशी के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने तीर्थराज प्रयाग से निशाना साधा है। आगामी पांच अगस्त को चंदौली में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। इस दौरान पूर्वांचल के साथ साथ बिहार की सीटों को मजबूती प्रदान करेंगे।
पार्टी सूत्रों की मानें तो भाजपा पूरी तरह से चुनावी मोड में है। यूपी की 80 में से 74 सीटों पर पार्टी की नजर है। इसे लेकर पार्टी संगठन को मजबूत करने में जुट गई है। मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम के जरिए युवाओं का मतदाता पहचान पत्र बनवाने पर पार्टी का पूरा फोकस है।
यहीं नही किसान, महिला, अनुसूचित जाति, अल्पसंख्यक सम्मेलनों के माध्यम से सरकार की उपलब्धियों को गिनाने का काम चल रहा है। इस बारे में क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष दर्शन-पूजन के लिए आए थे। उनके मार्गदर्शन में पार्टी निरंतर आगे बढ़ रही है। इस बार भी काशी क्षेत्र की 14 लोकसभा सीटों पर भाजपा का परचम लहराएगा।
गुरु पूर्णिमा के अवसर पर शुक्रवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ लाजपत नगर वल्लभ भाई पटेल शाखा में समर्पण कार्यक्रम हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत ध्वजारोहण, गुरु पूजन के साथ हुई। गुरू पूजन कर समर्पण किया गया। मुख्य वक्ता रोहित राय व नगर संघचालक राजेंद्र प्रताप पांडेय रहे।
नगर संघचालक ने कहा कि गुरू पूजन की परंपरा वैदिक काल से है। समाज में गुरु की देन अतुल्य है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भगवत ध्वज को गुरु माना है। स्वयंसेवक नित्य शाखा में अभ्यास इसी भगवा ध्वज के समक्ष करते हैं। भगवा रंग त्याग, समर्पण का प्रतीक है।
गुरु पूर्णिमा पर भाजपा महानगर अध्यक्ष प्रदीप अग्रहरि के नेतृत्व में पदाधिकारियों एवं मंडल अध्यक्षों ने विधानसभावार गुरुओं का पूजन कर आशीर्वाद लिया। विधानसभा उत्तरी, दक्षिणी, एवं कैंट में पड़ने वाले प्रमुख आश्रम, मठ एवं मंदिरों में जाकर गुरु पूजन किया।
गुरु को माल्यार्पण करके अंगवस्त्रम एवं श्रीफल भेंट किया। उत्तरी विधानसभा में महर्षि सदाफल आश्रम सारनाथ ब्रह्माकुमारी आश्रम सारनाथ, तपोवन आश्रम सारंग नाथ मंदिर, सारनाथ एवं लक्ष्मी मंदिर सारंग में दर्शन पूजन किया।
दक्षिणी विधानसभा में कबीर मठ कबीर चौरा, पातालपुरी मठ, कामाख्या तंत्र आश्रम गायघाट, सतुआ बाबा आश्रम मणिकर्णिका घाट, गढ़वा घाट काली महाल एवं अन्नपूर्णा मंदिर में दर्शन पूजन किया। कैंट विधानसभा में कैलाश मठ बिरदोपुर, कैलाश आश्रम मडवाडी, मछली बंदर मठ नगवा, संत कीनाराम आश्रम रवींद्रपुरी एवं जंगम बाड़ी मठ ,रामनगर में मनसा देवी मंदिर, दुर्गा मंदिर, जनकपुर मंदिर, हनुमान मंदिर एवं तिहावीर बाबा मंदिर गुरु पूजन में कार्यकर्ता शामिल रहे।