हादसे के बाद दूसरी कार में सवार दोस्तों और आसपास के लोगों ने तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, गंभीर रूप से घायल दो अन्य युवकों की हालत देखते हुए उन्हें मऊ रेफर कर दिया गया। परिजन उन्हें लेकर मऊ जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही दोनों ने दम तोड़ दिया।
चार दोस्तों की एक साथ मौत से गौवापार गांव में मातम छाया हुआ है। छठ पर्व के मौके पर घरों में चल रही तैयारियां अचानक थम गईं। परिवारों की आंखों में अपनों को खोने का गम है तो गांव में हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है।
नगरा थानाध्यक्ष संजय मिश्र ने बताया कि दो कारों में आठ दोस्त नगरा बाजार से देर रात घर लौट रहे थे। निछुआडीह के पास एक कार अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में कार सवार चार दोस्तों की मौत हो गई। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।