अमेठी पुलिस का कारनामा जानकर कोई भी चौंक जाएगा। तफ्तीश के बाद भेजी गई अपनी रिपोर्ट में अमेठी पुलिस ने जिसके मर चुके होने की जानकारी दी है, वह अपने बड़े भाई के साथ वाराणसी सेंट्रल जेल में बंद है। दोनों भाई आजीवन कारावास की सजा काट रहे हैं।
अमेठी पुलिस की रिपोर्ट से हैरान कैदी ने सेंट्रल जेल प्रशासन के अलावा प्रदेश के आला अधिकारियों को इसकी जानकारी दी है और न्याय की गुहार लगाई है।
अमेठी जिले के जामो थाना के कटारी गांव निवासी उदय प्रकाश शुक्ला और उसके भाई विजय प्रकाश शुक्ला के खिलाफ 2003 में हत्या सहित अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
दोनों भाइयों को आजीवन कारावास की सजा हुई तब से वे सेंट्रल जेल में निरुद्ध हैं। उदय प्रकाश ने बताया कि बीते दिनों उसने अपना मकान बनवाने के लिए दो महीने की पैरोल मांगी थी। अमेठी जिले की पुलिस की रिपोर्ट के आधार पर वहां के जिला मजिस्ट्रेट ने पैरोल पर रिहा न करने की संस्तुति की।
पुलिस ने रिपोर्ट में अन्य ब्योरों के साथ यह भी बताया है कि उसका भाई विजय प्रकाश मर चुका है।