प्रधानमंत्री ने आदर्श ग्राम योजना के तहत ककरहिया को गोद लिया है
- फोटो : अमर उजाला
पीएम के गोद लिए गांव ककरहिया के विकास की योजना परवान चढ़ने लगी है। सपा के राज्यसभा सांसद अमर सिंह की निधि से यहां रेलवे ट्रैक के नीचे अंडरपास बनाया जाएगा। इसके लिए ककरहिया-भट्ठी मार्ग पर मिट्टी डालने का काम चल रहा है।
इस अंडरपास से गांव वालों को काफी राहत मिलेगी। सीडीओ सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि तकरीबन 18 लाख रुपये से अंडरपास बनवाने की तैयारी चल रही है। इसके लिए राज्यसभा सांसद अमर सिंह से संपर्क किया गया है।
चूंकि अमर सिंह ने पूर्व में ही पत्र भेजकर कहा है कि उनकी सांसद निधि का पैसा वाराणसी के विकास कार्यों में खर्च करेंगे। इस नाते उनसे संपर्क कर उनकी निधि से पीएम के आदर्श गांव में अंडरपास बनेगा।
उन्होंने बताया कि ककरहिया में विकास कार्य कराने के लिए सभी विभागों को निर्देश दिया गया है। केंद्र और राज्य की जो योजनाएं चल रही हैं उनका लाभ यहां के पात्रों को दिलाया जाएगा। कहा कि सांसद आदर्श ग्राम योजना के लिए अलग बजट का कोई प्रावधान नहीं है।