राज्यसभा सांसद अमर सिंह ने बुधवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रशंसा के साथ-साथ सपा, बसपा और कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। कहा, विपक्षी दल महागठबंधन नहीं, महाठगबंधन बन रहे हैं। अमर ने कहा कि बबुआ बस अब अंगूठा चूसेंगे। कागज की कश्ती जिसका कागज़ गल गया हो, जिसका खाली कंकाल रह गया हो, उस सपा से कांग्रेस क्यों समझौता करेगी।
बुधवार को वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने प्रधानमंत्री के बारे में कहा कि कुछ लोगों का चरित्र होता है कि वे छेड़ते नहीं लेकिन उनको जब कोई छेड़ता है तो वो उसे छोड़ते नहीं। उसका छोटा रूप खुद को और बड़ा रूप नरेंद्र मोदी को बताया।
पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को मौन रहने की नसीहत भी दे डाली। आजम खां को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि भारत के संविधान की शपथ लेकर वह मंत्री तो बन गए थे लेकिन अपने देश पर टिप्पणी करने पर जनता ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।