बीएचयू के मैनेजमेंट फैकल्टी में नेशनल एलुमनी मीट 2025 में पुरा छात्रों को सम्मानित किया गया। 2000 बैच की सिल्वर जुबली और 1976 बैच की गोल्डन जुबली री-यूनियन के साथ ही सम्मान समारोह भी होगा। नेटवर्किंग लंच में पूर्व और वर्तमान छात्रों के बीच एकेडमिक और बाकी मसलों पर बातचीत कर नए संबंधों को तैयार किया गया। कारोबारी और पूर्व छात्रों ने पुरानी यादों को ताजा किया। छात्रों के साथ अपनी सफलता की कहानियां साझा कीं। 2000 बैच में संस्थान के दो वर्तमान संकाय सदस्य प्रो. अमित गौतम और डॉ. आशुतोष मोहन को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने अपने पूर्व छात्र से लेकर प्रोफेसर बनने तक के सफर को साझा किया। विशेष अतिथि और भारतीय आर्थिक संघ (आईईए) के अध्यक्ष पूर्व छात्र प्रो. आद्या प्रसाद पांडेय भी पहुंचे।
इन्हें मिले सम्मान
बंधन बैंक के डेटा साइंस और एनालिटिक्स प्रमुख सुमन दास को यंग अचीवर अवॉर्ड से सम्मानित किया गया। चार लोगों को विशिष्ट पूर्व छात्र पुरस्कार से सम्मानित किया गया। सीईओ और चीफ इन्वेस्टमेंट ऑफिसर अखिलेश गुप्ता, उत्कर्ष स्मॉल फाइनेंस बैंक के कार्यकारी निदेशक प्रमोद कुमार दुबे, सिंजेन्टा के कॉमर्शियल यूनिट हेड सुदीप घोष, सेल्स एंड मार्केटिंग, फेदर लाइट के प्रेसिडेंट सतीश शर्मा का नाम शामिल था। वहीं उन पूर्व संकाय सदस्यों का भी सम्मान किया गया, जिन्होंने संस्थान के विकास में अभूतपूर्व योगदान दिया है।
एलुमनी मीट से मिले दान से शुरू हुईं कई स्कॉलरशिप
आईएम-बीएचयू के निदेशक प्रो. आशीष बाजपेयी ने कहा कि ये कार्यक्रम पूर्व छात्रों के साथ फिर से जुड़ने का एक शानदार मंच है। संस्थान के अध्यक्ष और डीन प्रो. एसके दुबे ने शैक्षणिक, प्रशिक्षण और प्लेसमेंट गतिविधियों के बारे में जानकारियां दीं। पूर्व डीन प्रो. एचपी माथुर ने कहा कि पूर्व छात्रों के योगदान से लाइब्रेरी में किताबों के दान और कई स्कॉलरशिप की शुरुआत की गई।