कछवा रोड (वाराणसी)। सावन में प्रयागराज से वाराणसी स्थित काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन के लिए आने वाले कांवड़ियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए नेशनल हाईवे-19 की एक लेन आरक्षित कर दी गई है। इसी लिहाज से सोमवार की दोपहर वाराणसी सीमा के गुड़िया बॉर्डर से कछवा रोड, मिर्जामुराद तक सर्विस रोड और हाईवे को जोड़ने वाले सभी कट पॉइंट बंद कर दिए गए।
दो दिन पहले पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में प्रशासनिक अधिकारियों ने कांवड़ियों के लिए आरक्षित लेन का निरीक्षण किया था। इसके बाद यह निर्णय लिया गया। हाईवे की उत्तर दिशा की आरक्षित लेन से सर्विस रोड को जोड़ने वाले सभी कट पॉइंट बंद किए जाएंगे। इससे सड़क हादसे नहीं होंगे। कांवड़ियों का सफर सुरक्षित रहेगा। हालांकि कट बंद किए जाने पर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। उनका कहना है कि वैध कट बंद किए जाने से दिक्कत बढ़ेगी। पहले प्रशासन ने कहा था कि सावन से एक दिन पहले कट बंद किए जाएंगे लेकिन 13 जुलाई से ही बंद कर दिए गए। संवाद