बनारस स्वर्ण कला केंद्र शोरूम के मैनेजर ने दर्ज कराई चेतगंज थाने में प्राथमिकी
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। चेतगंज थाना क्षेत्र के बनारस स्वर्ण कला केंद्र का कर्मचारी शरद कुमार 58 लाख रुपये का शुद्ध सोना और आभूषण लेकर भाग निकला है। पीड़ित मैनेजर की शिकायत पर पुलिस ने सोमवार को प्राथमिकी दर्ज की गई है। बनारस स्वर्ण कला केंद्र के मानव संसाधन पद पर कार्यरत स्वप्निल श्रीवास्तव ने चेतगंज पुलिस को बताया कि कंपनी की एक शाखा लहुराबीर में है। इस शाखा में काशीपुरा निवासी शरद कुमार आभूषण बनाने और मरम्मत का काम करता था। कंपनी के सभी ऑर्डर और मरम्मत का काम शरद को ही सौंपा जाता था। 10 जुलाई को कर्मचारी शरद कुमार को आभूषण बनाने के लिए 35 ग्राम शुद्ध सोना दिया गया था। साथ ही उसे मरम्मत के लिए 368.500 ग्राम आभूषण भी दिए गए थे। काम का दबाव होने का बहाना बनाकर अगले दिन सारा सामान लौटाने का वादा किया था। 11 जुलाई को सुबह 11 बजे जब शरद से संपर्क करने की कोशिश की गई, तो उसके दोनों मोबाइल नंबर बंद मिले। शंका होने पर उसके घर पहुंचे तो मालूम चला कि शरद 10 जुलाई के बाद से अपने घर भी नहीं लौटा है। शरद कुमार ने जालसाजी और धोखाधड़ी की। शुद्ध सोने की कीमत 5,25,000 रुपये और मरम्मत के आभूषणों की कीमत 53,61,675 रुपये है। चेतगंज इंस्पेक्टर विजय कुमार शुक्ला ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी कर्मचारी की तलाश में पुलिस की एक टीम जुटी हुई है।