फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जिंदा को दिखाया मृत: बंद कर दी वृद्धावस्था पेंशन, बीडीओ व सचिव पर प्राथमिकी; कोर्ट की शरण में पहुंचा पीड़ित

Sat, 22 Aug 2026 05:50 AM IST
Aman Vishwakarma अमर उजाला नेटवर्क, बलिया।

सार

बलिया में एक बुजुर्ग को कागजों में मृत दिखाकर वृद्धावस्था पेंशन बंद करने के मामले में बीडीओ और ग्राम पंचायत सचिव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। पीड़ित को वर्ष 2023 तक पेंशन मिल रही थी। बाद में पेंशन बंद होने पर उन्होंने ब्लॉक से जिला स्तर तक शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय की शरण ली।
विज्ञापन
वृद्धावस्था पेंशन। - फोटो : अमर उजाला।
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हल्दी थाना क्षेत्र के दोपही निवासी विष्णु दयाल दुबे (80) को कागजों में मृत घोषित कर वृद्धावस्था पेंशन बंद किए जाने का मामला सामने आया है। बुजुर्ग ने आरोप लगाया है कि सत्यापन के दौरान उन्हें मृत दिखाया गया। मामले में न्यायालय की शरण लेने के बाद हल्दी थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

विज्ञापन


विष्णु दयाल दुबे के अनुसार, उन्हें वर्ष 2023 तक वृद्धावस्था पेंशन मिल रही थी। 22 जून 2024 को उन्हें जानकारी हुई कि सरकारी अभिलेखों में उन्हें मृत घोषित कर दिया गया है और इसी आधार पर उनकी पेंशन बंद कर दी गई। बुजुर्ग का आरोप है कि गांव की चुनावी रंजिश के चलते तत्कालीन ग्राम प्रधान ने तत्कालीन ग्राम सचिव और खंड विकास अधिकारी के साथ मिलकर उन्हें गलत तरीके से मृत घोषित कराया।

विष्णु दयाल दुबे ने अपने जीवित होने के प्रमाण के तौर पर जिला अस्पताल बलिया में 11 अप्रैल 2025 को हुए इलाज की पर्ची और 28 मार्च 2025 को बैंक से 1,300 रुपये निकालने संबंधी दस्तावेज भी प्रस्तुत किए। समाज कल्याण विभाग से मिले 19 नवंबर 2024 के दस्तावेज में सत्यापन के दौरान लाभार्थी को मृत पाए जाने का उल्लेख होने की बात भी प्रार्थना पत्र में कही गई है।

पीड़ित के मुताबिक, उन्होंने पहले पुलिस अधिकारियों से भी शिकायत की थी। क्षेत्राधिकारी और तत्कालीन थानाध्यक्ष स्तर से जांच के बाद उन्हें न्यायालय से आदेश लाने की बात कही गई। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधीक्षक को भी रजिस्टर्ड डाक से शिकायत भेजी, लेकिन कार्रवाई नहीं होने पर न्यायालय की शरण ली।
विज्ञापन

न्यायालय के आदेश पर जांच शुरू
न्यायालय में दिए गए प्रार्थना पत्र के आधार पर हल्दी थाने में संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया गई है। प्राथमिकी में तत्कालीन खंड विकास अधिकारी और तत्कालीन सचिव प्रमोद कुमार पांडेय का उल्लेख है। पीड़ित ने अन्य संबंधित लोगों पर भी साजिश कर उन्हें गलत तरीके से मृत घोषित कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की विवेचना शुरू कर दी है। जांच में आरोपों की वास्तविकता और अभिलेखों में बुजुर्ग को मृत दर्ज किए जाने की प्रक्रिया की पड़ताल की जाएगी।
न्यायालय के आदेश पर तत्कालीन बीडीओ व सचिव पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच की जा रही है। जांच में जो भी साक्ष्य मिलेंगे , उसके अनुसार रिपोर्ट लगाई जाएगी। - राजू राय, थानाध्यक्ष हल्दी
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें