शूटिंग के लिए वाराणसी पहुंचे अक्षय कुमार।
वाराणसी। ‘खिलाड़ी’ के नाम से मशहूर फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार ने मंगलवार की शाम हनुमान घाट के सामने गंगा की मध्यधारा में पतंगबाजी के अपने एक्शन से प्रशंसकों को बाग-बाग कर दिया। सुभाष कपूर की फिल्म ‘जॉली एलएलबी-2’ की शूटिंग की व्यस्तता के बीच मिले कुछ वक्त में उन्होंने पतंगबाजी का लुत्फ उठाया। दरअसल, मोटरबोट पर शूटिंग के दौरान ही एक कटी पतंग उन्होंने लूट ली थी। कटी पतंग का मंझा हाथ आते ही वह खुशी से उछल पड़े और बोले कि मैंने ‘गुड्डी’ लूट ली।
शाम के वक्त आसमान में बादलों के छाने के बाद जब रोशनी कैमरामैन के शाट ओके करने लायक नहीं मिल रही थी तब उसने अक्षय कुमार से कहा कि अब कुछ देर शूटिंग नहीं हो सकेगी। इससे पहले अभिनेता अक्षय कुमार कटी पतंग लूट चुके थे। फिर क्या था, इस खाली समय में उन्होंने पतंगबाजी के जरिए भरपूर आनंद उठाया। अक्षय ने मोटरबोट पर ही फिल्म यूनिट के सदस्यों की मदद से पतंग हवा में उछाली और मंझा ढीलने लगे। कुछ देर में ही पतंग आसमान में उड़ती नजर आने लगी। इस दौरान तमाम प्रशंसकाें ने इस नजारे का लुत्फ उठाया। पतंगबाजी बनारस के पारंपरिक लोकप्रिय खेलों में से एक है।