मुख्यमंत्री अखिलेश ने मोदी और मायावती पर साधा निशाना
- फोटो : अमर उजाला
सपा अध्यक्ष और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज चुनाव प्रचार करने जौनपुर के मड़ियाहूं विधानसभा पहुंचे। आज विधानसभा चुनाव के सातवें और आखिरी चरण के चुनाव के लिए प्रचार का अंतिम है। जौनपुर पहुंचे अखिलेश ने भाषण की शुरआत के साथ ही भाजपा और पीएम मोदी पर हमला किया।
अखिलेश ने कहा कि आजकल समाजवादियों पर आरोपों की बरसात हो रही है। आरोप भी वो लगा रहे हैं जिन्होंने कोई काम नहीं किया। पीएम मोदी का नाम लेते हुए कहा कि वो केवल रेडियो पर मन की बात करते हैं। टीवी को भी नहीं छोड़ा। टीवी पर भी कार्यक्रम करते हैं। लेकिन मैं पूछना चाहता हूं आप मन की बात करते हैं ,कभी काम की बात क्यों नहीं करते।
अखिलेश ने फिर बिजली की बात की। कहा समाजवादियों ने आजतक भेदभाव करना नहीं सिखा। हर जगह 20 से 22 घंटे बिजली मिल रही है। पीएम मोदी ने तो बिजली को भी हिंदू और मुस्लिम कर दिया। मैंने कहा कि आप कसम खाकर कहो की वाराणसी में बिजली आती है कि नहीं आप बताओ। वो पीछे हट गए। उनके पास कोई मुद्दा नहीं है। इसलिए आप लोग ध्यान रखना भाजपा वालों के झांसे में मत आना।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का दिल्ली में मन नहीं लग रहा। उनका आजकल यूपी में मन लग रहा है। हमने कहा कि हमसे कुर्सी बदल लो। वो गठबंधन पर हमला बोलते हैं लेकिन पीएम को पता नहीं कि यह दो युवाओं का गठबंधन है। देश- प्रदेश की राजनीति को आगे ले जाने के लिए यह गठबंधन किया है।
मुख्यमंत्री ने पीएम मोदी पर हमला बोलते हुए कहा कि पीएम जब जौनपुर आए तो सेना की बात की। सर्जिकल स्ट्राइक की बात की। ओआरओपी की बात की। आप सबको पता है कि सर्जिकल स्ट्राइक पर क्या हुआ। भाजपा सरकार जवानों के तकलीफ पर कभी ध्यान नहीं दिया। ओआरओपी पर हमेशा झूठ बोलते रहे। अब तक कुछ साफ नहीं किया है। इसलिए आप लोग ध्यान रखिए। झूठ बोलने वाली पार्टी से दूर ही रहे।