मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सपा का चुनाव चिह्न मिलने के बाद उनके समर्थक खुशी से झूम उठे। सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव के संसदीय क्षेत्र में अखिलेश समर्थकों ने मिठाई बांटकर खुशी का इजहार किया।
सपा में पिता-पुत्र के बीच चल रहे द्वंद्व के बीच पार्टी पदाधिकारियों और अधिकतर विधायकों ने खुलकर समर्थन किया था। मुख्यमंत्री को पार्टी का सिंबल मिलने के बाद अब उनके जबरदस्त उत्साह है। अखिलेश समर्थक विधायकों का मानना है कि अब मुख्यमंत्री की कुर्सी और सरकार सुरक्षित हो गई है। वहीं सपा जिलाध्यक्ष हवलदार यादव ने निर्वाचन आयोग के फैसले की सराहना की है।
सपा में शीर्ष नेतृत्व पर चल रहे विवाद को लेकर पार्टी के पदाधिकारी और विधायक उहापोह की स्थिति में थे। पार्टी में मचे घमासान के चलते ही सभी प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की जा सकी थी।
हालांकि मुख्यमंत्री के आश्वासन पर सीटिंग विधायक चुनाव की तैयारियों में लगे हुए थे। आजमगढ़ की नौ विधानसभा सीटों में मुबारकपुर को छोड़ सभी सीटों पर सपा का कब्जा है। पार्टी और चुनाव चिह्न को लेकर असमंजस की स्थिति बनने के कारण सपा के वोटरों में भी उहापोह की स्थिति थी। राजनीतिक रणनीतिकारों का यह कहना था कि अगर पार्टी को उसका सिंबल नहीं मिला तो पार्टी को नुकसान हो सकता है।
ऐसी स्थिति में निर्वाचन आयोग की ओर से मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को सपा का सिंबल दिए जाने की बात सामने आते ही अखिलेश समर्थक खुशी से झूम उठे। जिले भर में इस बात की चर्चा होती रही। कई स्थानों पर अखिलेश समर्थकों ने मिठाई बांटकर खुशियां मनाईं। \
पार्टी में टिकट के बंटवारे को लेकर मचे घमासान के दौरान जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी के वर्तमान विधायकों ने अधिकतर ने अखिलेश के प्रति अपनी आस्था जताई थी। मेंहनगर विधायक बृजलाल सोनकर ने कहा कि मुख्यमंत्री को सिंबल मिलने के बाद अब मुख्यमंत्री की कुर्सी और सरकार सुरक्षित हो गई है। सपा के जिला सचिव एसके सत्येन ने कहा कि निर्वाचन आयोग के फैसले की सराहना करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री को सिंबल मिलने से युवा कार्यकर्ताओं में बेहद खुशी है। अब सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव के संरक्षकत्व और मुख्यमंत्री के नेतृत्व में पार्टी को भरपूर सफलता मिलेगी।
लाटघाट संवाददाता के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को साइकिल चुनाव मिलने के बाद सपा कार्यकर्ताओं में हर्ष व्याप्त हो गया है। सोमवार को जैसे ही यह खबर सगड़ी पहुंची सूर्यनाथ यादव सूरज के नेतृत्व में अजमतगढ़, चौको और लाटघाट बाजार में कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटी। लोगों ने एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार किया।