सिविल जज जूनियर डिवीजन फास्ट ट्रैक कोर्ट शक्ति सिंह की अदालत ने भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के प्रकरण में उनकी मां मधु दुबे की तरफ से दिए गए आवेदन पत्रों पर सारनाथ थाने से दो दिन में आख्या तलब की है। आकांक्षा दुबे बीते 26 मार्च को सारनाथ क्षेत्र स्थित एक होटल के कमरे में मृत पड़ी मिली थीं। आकांक्षा को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में भोजपुरी गायक समर सिंह और उसका दोस्त संजय सिंह जिला जेल में बंद हैं।
आकांक्षा दुबे और समर सिंह
- फोटो : सोशल मीडिया
मधु दुबे के अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने बताया कि बीते छह अप्रैल को कोर्ट में आवेदन पत्र देकर विवेचक को केस डायरी के साथ तलब करने और वादिनी का बयान दर्ज किए जाने का अनुरोध किया गया था। साथ ही, आरोप लगाया था कि पुलिस हत्या का मुकदमा आत्महत्या की धारा में दर्ज की है। इस बीच पुलिस आयुक्त की ओर से जारी की गई प्रेस रिलीज में कहा गया कि आकांक्षा ने आत्महत्या की है। उसे लेकर अदालत में आवेदन पत्र देकर कहा गया कि बिसरा की फोरेंसिक रिपोर्ट आए बगैर कैसे आत्महत्या की घोषणा की गई। इसे लेकर पुलिस आयुक्त को तलब करने का अनुरोध किया था। इस बीच एक और आवेदन पत्र देकर कहा गया था कि संबंधित साक्ष्य कोर्ट तलब कर अपने पर्यवेक्षण में विवेचना करवाए। साथ ही, वादिनी का कलमबंद बयान दर्ज किया जाए। कोर्ट ने इन सभी आवेदन पत्रों के प्रकाश में सारनाथ थाने से दो दिन में आख्या तलब की है।