राष्ट्रीय लोकदल का प्रयास यूपी चुनाव में छोटे दलों और चौधरी चरण सिंह के अनुयायियों को एक मंच पर लाने की है। मंगलवार को दल के अध्यक्ष्ा चौधरी अजित सिंह ने कहा कि उनकी कोशिश बिहार की तर्ज पर महागठबंधन बनाकर जनता को विकल्प देने की है। इसके लिए बीजेपी को छोड़ अन्य सभी दलों के लिए उनके दरवाजे खुले हैं।
सर्किट हाउस में पत्रकारों से बातचीत में कहा, महागठबंधन के लिए जनता दल यूनाइटेड के अध्यक्ष नीतीश कुमार और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के अध्यक्ष शरद पवार से बात हो चुकी है। कुछ अन्य दलों के साथ भी बातचीत चल रही है। समाजवादी पार्टी में रार पर कहा, मुलायम सिंह यादव का फोन आया था। हम चाहते हैं कि जल्द विवाद सुलझ जाए। पीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम मेक इन इंडिया की बात करते हैं लेकिन सजावटी सामान समेत छोटे-छोटे सामान तक चीन से आ रहे हैं। पीएम सर्जिकल स्ट्राइक का राजनीतिक लाभ ले रहे हैं। तीन तलाक के मुद्दे पर कहा कि यह मामला कोर्ट में है।