बिजली हादसों को लेकर ऊर्जा मंत्री पर साधा निशाना
अजय राय ने मऊ में हाईटेंशन तार की चपेट में आकर तीन युवकों की मौत का मुद्दा उठाते हुए ऊर्जा मंत्री एके शर्मा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि स्व. कल्पनाथ राय के विकास की बातें कहकर दूसरा कल्पनाथ राय बनने चले थे, लेकिन जब उनके गृह जनपद में बिजली व्यवस्था की वजह से निर्दोषों की जान जा रही है तो उन्हें विकास पुरुष नहीं कहा जा सकता उन्हें विनाश पुरुष ही कहा जाएगा। जो जीवन भर गुजरातियों का दलाली किया हो वो विकास पुरुष नही हो सकता। यह धरती स्व कल्पनाथ राय की धरती है इसे इसी नाम से जाना जाएगा।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यक्रम की जानकारी होने के बाद मृतकों के परिजनों को एक-एक लाख रुपये की मदद दी गई। राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे को लेकर भी अजय राय ने सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि मामले में बड़े लोगों को बचाकर गरीब कर्मचारी और ड्राइवर को बलि का बकरा बनाया गया। उन्होंने सवाल किया कि यह कैसा न्याय है। यह प्रभु श्री राम का अपमान नही तो क्या है।
अजय राय ने राजा जयलाल सिंह की शहादत दिवस पर संकल्प लेते हुए कहा कि कांग्रेस आगामी 2027 और 2029 के चुनावों को लेकर पूरी ताकत से संघर्ष करेगी। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजमंगल यादव और संचालन सीताराम यादव ने किया। कार्यक्रम में पूर्व विधायक अमरेश चंद्र पांडेय, विजयशंकर मल्ल, स्वामीनाथ राय, ओमप्रकाश ठाकुर, राकेश सिंह पटेल, आशीष राय, अवनीश सिंह, जय हिंद यादव, विजय शेखर मल्ल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता व समर्थक मौजूद रहे। कार्यक्रम के संयोजक रामरतन सिंह पटेल रहे।