Babatpur Airport Varanasi: सोमवार को इंडिगो के विमान से यात्रा करने वाले यात्री उस समय परेशान हुए जब अचानक बोर्डिंग गेट बदल दिया गया। वास्तविक गेट की जानकारी के लिए यात्री टर्मिनल में भटकते रहे, लेकिन उन्हें इंडिगो स्टाफ द्वारा सही जानकारी नहीं दी गई। इससे परेशान होकर एक यात्री ने एक्स पर पोस्ट कर शिकायत कर दी।
एक्स पर पोस्ट करने के बाद एडवोकेट बी. लक्ष्मी अभिलाष ने बताया कि उन्हें जो बोर्डिंग पास एयरलाइंस द्वारा दिया गया, उसमे गेट संख्या 4 दर्ज था। वहीं, बोर्डिंग के समय गेट बदलने की सूचना प्रसारित की गई। जब गेट नंबर 2 को यात्री ढूंढ़ने लगे तो उन्हें गेट नहीं मिला।
इसकी जानकारी जब इंडिगो स्टाफ से लेनी चाही तो उन्होंने भी सही जवाब नहीं दिया। इससे नाराज यात्री ने एक्स पर पोस्ट कर इसकी शिकायत कर दी। इंडिगो ने अपने ऑफिशियल एक्स अकाउंट पर जवाब दिया कि गेट बदलना हमारे बस में नहीं होता है। यह एयरपोर्ट अथाॅरिटी द्वारा किया जाता है। फिर भी यदि आपको परेशानी हुई तो उसके लिए माफी चाहते हैं।
जानकारी के अनुसार, यात्री वाराणसी से हैदराबाद जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे। गेट नंबर चार प्रथम तल पर है जबकि गेट नंबर 2 भूतल पर। इसलिए यात्री को गेट ढूंढने में परेशानी हुई होगी।