अधिकारियों ने बताया कि एयरपोर्ट विस्तार परियोजना को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने के लिए प्रभावित क्षेत्र में चरणबद्ध ढंग से कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 17 जुलाई को भी पुलिस बल की मौजूदगी में ध्वस्तीकरण अभियान जारी रहेगा। प्रशासन ने इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं, ताकि किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
समीक्षा बैठक में परियोजना से प्रभावित लोगों के लंबित मामलों पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि जिन लोगों के प्रकरण जिला स्तरीय समिति के समक्ष विचाराधीन हैं, उनका शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा। इसके साथ ही मुआवजे के पात्र शेष प्रभावितों को भी नियमानुसार जल्द भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा।
प्रशासन का कहना है कि एयरपोर्ट विस्तार परियोजना वाराणसी के विकास की महत्वपूर्ण योजनाओं में शामिल है। इसके पूरा होने से एयरपोर्ट की क्षमता बढ़ेगी, यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और भविष्य में बढ़ते हवाई यातायात को संभालने में भी आसानी होगी। इसी उद्देश्य से भूमि अधिग्रहण, मुआवजा वितरण और ध्वस्तीकरण सहित सभी प्रक्रियाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।