हैदराबाद से वाराणसी आवागमन करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। हैदराबाद के लिए स्पाइस जेट की सीधी विमान सेवा 21 अगस्त से शुरू होने जा रही है। उड़ान रोजाना होगी।
वाराणसी से हैदराबाद तक का बेसिक किराया 3380 रुपये निर्धारित किया गया है। अभी इंडिगो की ओर से हैदराबाद के लिए विमान सेवा संचालित है। स्पाइसजेट का विमान एसजी 321 हैदराबाद एयरपोर्ट से 12:55 बजे उड़ान भर कर लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर अपराह्न 2:50 बजे पहुंचेगा। फिर यही विमान एसजी 322 वाराणसी से 3:35 बजे हैदराबाद के लिए उड़ान भरेगा। स्पाइसजेट के स्थानीय सेल्स हेड राहुल सिंह ने बताया कि इससे वाराणसी समेत पूर्वांचल के यात्रियों को काफी सुविधा हो जाएगी। हैदराबाद पहुंचने के बाद यह विमान यात्रियों को लेकर बंगलूरू एयरपोर्ट तक जाएगा। हैदराबाद से शाम छह बजे उड़ान भरकर यह विमान 7:10 बजे बंगलूरू एयरपोर्ट पहुंचेगा।