एविएशन टरबाइन फ्यूल (एटीएफ) की कमी और बढ़ती कीमतों का असर अब हवाई यात्रियों की जेब पर साफ दिखाई देने लगा है। वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से संचालित उड़ानों के किराये में भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। दिल्ली, मुंबई, बंगलूरू और पुणे जैसे प्रमुख शहरों के लिए हवाई टिकट तीन गुना तक महंगे हो गए हैं। वहीं, अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के किराये में भी करीब 30 प्रतिशत तक की वृद्धि हुई है। विमानों की संख्या घटने से यात्रियों की परेशानी और बढ़ गई है।
एयरलाइन कंपनियों के अनुसार एटीएफ के बढ़ते दाम, सीमित उड़ानें और यात्रियों की लगातार बढ़ती मांग के कारण टिकट दरों में इजाफा किया गया है। सामान्य दिनों में वाराणसी से मुंबई का किराया चार से छह हजार रुपये के बीच रहता था, जो अब बढ़कर 11 से 22 हजार रुपये तक पहुंच गया है। दिल्ली का किराया 2,500 से 3,000 रुपये से बढ़कर 9 से 20 हजार रुपये तक हो गया है। बंगलूरू के लिए टिकट 18 हजार रुपये से अधिक में मिल रहा है, जबकि हैदराबाद का किराया भी 15 हजार रुपये के पार पहुंच गया है।