घाटों पर भीड़ नियंत्रण की रहेगी चुनौती
एयर शो देखने के लिए बड़ी संख्या में लोगों के घाटों और आसपास के क्षेत्रों में पहुंचने की संभावना है। ऐसे में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए घाटवार व्यवस्था तैयार की जा रही है। सुरक्षा के मद्देनजर घाट क्षेत्र के आसपास ड्रोन उड़ाने पर रोक लगाने की व्यवस्था की जा रही है। एयर शो के निर्धारित समय में गंगा में नौका संचालन भी बंद रखने की योजना है।
राजघाट पुल पर यातायात प्रबंधन, सीसीटीवी निगरानी और रूट डायवर्जन को लेकर भी तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का जोर इस बात पर है कि कार्यक्रम के दौरान भीड़ और वाहनों के दबाव के कारण आम लोगों को परेशानी न हो।
पुलिस कमिश्नर वाराणसी मोहित अग्रवाल ने बताया कि एयर शो को लेकर सभी व्यवस्थाओं की जांच की जा रही है। बाहर से आने वाले लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए पार्किंग, यातायात, रूट डायवर्जन, वाहनों के ठहराव और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जा रही है।
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त एस. राजलिंगम, डीआईजी रेंज वैभव कृष्ण, अपर पुलिस आयुक्त कानून व्यवस्था शिवहरि मीणा, डीएम चंदौली चंद्र मोहन गर्ग, डीएम वाराणसी सत्येंद्र कुमार, डीसीपी गौरव बंसल, एडीसीपी ट्रैफिक अनिल यादव, एडीसीपी अंशुमान सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।