काशी के घाटों पर 22, 24 और 25 अक्तूबर को होने वाले एयर शो की तैयारियां तेजी से चल रही हैं। एयरफोर्स और स्वास्थ्य विभाग की बैठक में मंगलवार को तय हुआ कि नमो घाट पर छह बेड का अस्थायी अस्पताल बनाया जाएगा। इसका संचालन एयरफोर्स की मदद से किया जाएगा। बीएचयू अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर सहित सभी सरकारी और गैर सरकारी अस्पतालों में 225 बेड सुरक्षित रहेंगे। इसी तरह ब्लड बैंकों में 4-4 यूनिट सभी ग्रुप के रक्त रखे जाएंगे। डोनर की सूची भी रहेगी। जिले में 24 ब्लड बैंक हैं। घाटों के नजदीक सड़क पर 50 एंबुलेंस खड़ी रहेंगी।
एयर शो में करीब 30 लाख लोगों के आने का अनुमान है। इसमें से अधिकांश लोग घाटों पर मौजूद रहेंगे। 25 अक्तूबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित तीनों सेनाओं के प्रमुख एयर शो देखेंगे। इसी सिलसिले में सीएमओ डॉ एनपी सिंह ने मंगलवार को स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की। समीक्षा में बीएचयू अस्पताल, ट्रॉमा सेंटर सहित अन्य सरकारी-निजी अस्पतालों, ब्लड बैंकों के प्रतिनिधि शामिल रहे। सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े लोगों की जिम्मेदारी बड़ी है। हर स्तर पर सतर्कता बरतनी होगी।
कमांड कंट्रोल सेंटर से होगी पूरी व्यवस्था की निगरानी
नगर निगम के पास बने सिटी कमांड सेंटर से पूरी व्यवस्था की निगरानी की जाएगी। सीएमओ ने बताया कि 20 अक्तूबर से सक्रिय हो जाएंगे। कमांड सेंटर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से चिकित्साधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। यहां रहने वाली टीम एयरफोर्स के मेडिकल टीम के अधिकारियों के संपर्क में रहेगी। कमांड सेंटर पर जो सूचना मिलेगी, उसके अनुसार कार्रवाई की जाएगी।
ये रहेगी व्यवस्था
- सभी 84 घाटों को सेक्टर में बांटकर पुलिस टीम के साथ ही हर सेक्टर में एक-एक मेडिकल टीम लगाई जाएगी।
- चंदौली की स्वास्थ्य विभाग और मेडिकल कॉलेज, शास्त्री अस्पताल रामनगर की टीम रामनगर, डोमरी इलाके में रहेगी।
- ब्लड बैंकों को सभी पंजीकृत डोनर्स की डायरेक्टरी अपडेट करने को कहा है ताकि जरूरत पड़ने पर ब्लड के लिए परेशानी का सामना न करना पड़े।
- सरकारी-निजी अस्पतालों में ऑक्सीजन के उपकरणों को 15 अक्तूबर तक क्रियाशील रखने को कहा गया है। मॉकड्रिल भी होगा।
- पुलिस प्रशासन के सहयोग से नमो घाट से बीएचयू और मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा तक जाने के लिए ग्रीन कॉरिडोर बनाया जाएगा।
- सरकारी-निजी अस्पतालों में जीवन रक्षक दवाइयों को रिजर्व रखने को कहा गया है। हर अस्पताल में एक-एक नोडल अधिकारी भी बनेंगे, जिनका नंबर एयरफोर्स की मेडिकल टीम के पास भी रहेगा।
एयर शो के दो दिन पहले घाट किनारे होगा ग्रैंड रिहर्सल
एयर शो को लेकर केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हो गई हैं। एसपीजी और एटीएस समेत अन्य एजेंसियों ने एयर शो को लेकर अपनी तैयारियां शुरू की है। 22, 24 और 25 अक्तूबर को नमो घाट से रविदास घाट के बीच एयर शो के दो दिन पहले ग्रैंड रिहर्सल किया जाएगा। उस समय गंगा में नाव और क्रूज का संचालन भी थमा रहेगा। एयर शो में प्रधानमंत्री आगमन को देखते हुए सुरक्षा बिंदुओं पर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं। सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की पूरी मुकम्मल तैयारियां की जा रही हैं। वाराणसी और चंदौली जिले के आलाधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन का पूरा खाका तैयार किया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार शो के दौरान राजघाट पुल पर वाहनों का संचालन पूरी तरह से प्रतिबंधित किया जाएगा। भीड़ को नियंत्रित किया जाएगा। शो देखने के लिए डोमरी की जगह सबसे उपयुक्त है। चंदौली और बिहार से आने वाली भीड़ को डोमरी की तरफ और मिर्जापुर, सोनभद्र से आने वाली भीड़ को रामनगर बलुआ घाट की तरफ डायवर्ट किया जाएगा। जगह-जगह पुलिस की टीम और पार्किंग की व्यवस्था होगी।
शहर की भीड़ को भी सेक्टर और जोन में बांटा गया है। घाट पर ज्यादा दबाव न हो, इसके लिए भी योजनाएं तैयार की गई हैं। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल, मंडलायुक्त एस राजलिंगम और जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने एयर शो को लेकर संबंधित विभागों के संग समन्वय बैठक भी की है। इसमें बिंदुवार योजनाओं पर मंथन किया गया है। सभी विभागों को उनकी जिम्मेदारियां भी सौंपी गई है।