सूत्रों के अनुसार, वाराणसी में अक्तूबर महीने में एयर शो आयोजित कराने की योजना बनाई जा रही है। हर वर्ष 8 अक्तूबर को भारतीय वायु सेना दिवस मनाया जाता है और इसी अवसर पर एयर शो आयोजित करने पर मंथन चल रहा है। हालांकि, अभी तक कार्यक्रम की तिथि और स्थान को अंतिम रूप नहीं दिया गया है।
बीते सप्ताह वायुसेना के अधिकारियों ने शहर के एयरपोर्ट और केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (सीआईएसएफ) के अधिकारियों के साथ बैठक कर आयोजन की संभावनाओं और सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की थी। इस दौरान एयर शो के लिए उपयुक्त स्थल, भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और आपातकालीन सेवाओं को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
एयर शो को लेकर प्रशासन और वायुसेना दोनों स्तर पर तैयारियां तेजी से चल रही हैं, लेकिन अंतिम निर्णय अभी लंबित है। माना जा रहा है कि निरीक्षण और बैठकों के बाद जल्द ही आयोजन की तिथि और स्थान की आधिकारिक घोषणा की जाएगी। एयर शो के प्रस्ताव से शहरवासियों में उत्साह का माहौल है और लोग इस भव्य आयोजन का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।