लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर से शनिवार को खजुराहो के लिए उड़ाने भरने के कुछ ही समय बाद एयर इंडिया के विमान में तकनीकी खराबी आ गई। इसकी जानकारी होने पर हड़कंप मच गया।
आनन-फानन में विमान की आपात लैंडिंग कराई गई और उसमें सवार 123 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद सभी यात्रियों को दूसरे विमान से भेजा गया।
दोपहर में एयरपोर्ट से खजुराहो, वाया आगरा जाने वाले एयर इंडिया के विमान एआई 406 उड़ान भरी। टेक ऑफ के बाद पायलट को विमान में तकनीकी खराबी आने की जानकारी हुई। तत्काल पायलट ने एटीसी से संपर्क किया। एटीसी से इजाजत मिलते ही विमान की आपात लैंडिग कराई गई।
एप्रन पर विमान के आते ही यात्रियों को सुरक्षित निकाल कर टर्मिनल भवन में लाया गया। विशेषज्ञों ने काफी देर तक विमान को दुरुस्त करने का प्रयास किया गया लेकिन सफलता नहीं मिली। इससे परेशान यात्रियों ने हंगामा करना शुरू कर दिया।
उसके बाद एयर इंडिया के प्रबंधन ने आगरा जाने वाले 10 यात्रियों को दूसरे विमान से दिल्ली भेजा। वहीं, खजुराहो जाने वाले 109 यात्रियों को हज यात्रियों को लेकर आए विमान से भेजा गया।
मामले में एयर इंडिया के स्थानीय प्रबंधक आतिफ इदिरीश ने कहा कि विमान एआई 406में तकनीकी खराबी आने से उसकी इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। खजुराहो और आगरा जाने वाले सभी यात्रियों को दूसरे विमान से भेज दिया गया।