गंगा की लहरों के ऊपर आयोजित वायुसेना के फ्लाईपास्ट में लड़ाकू विमानों ने पहली बार प्रचंड फॉर्मेशन में फुल ऑपरेशनल लोड के साथ उड़ान भरी। इसमें ब्रह्मोस मिसाइल भी शामिल थी। वायुसेना के प्रवक्ता विंग कमांडर जयदीप सिंह ने अमर उजाला से खास बातचीत में इसे वाराणसी में हुए फ्लाईपास्ट की सबसे बड़ी खासियत बताया।
एयर चीफ मार्शल से प्रधानमंत्री ने कहा...काशी मेरी अपनी है
पीएम मोदी और वायुसेना प्रमुख एयर चीफ मार्शल एपी सिंह के बीच हुए संवाद में शहर के प्रति पीएम का अपनापन झलका। एयर चीफ मार्शल ने मीडिया को बताया कि जब उन्होंने पीएम को स्मृति चिह्न भेंट किया और काशी आने के लिए धन्यवाद दिया, तो प्रधानमंत्री ने जवाब दिया कि धन्यवाद उन्हें नहीं, बल्कि वायुसेना को देना चाहिए, जिसने इतना बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया। काशी मेरी अपनी है, काशी मेरी है। आपका धन्यवाद।
छठ और देव दीपावली से दो गुना से ज्यादा भीड़
प्रशासन के मुताबिक, एयरशो देखने के लिए ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि देव दीपावली और छठ से दो गुना ज्यादा भीड़ उमड़ पड़ी। दोनों ही प्रमुख पर्वों पर करीब 10 लाख लोग वाराणसी आते हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने 150 करोड़ की कपड़ा फैक्टरी का किया उद्घाटन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में अरविंद लि. के नए परिधान विनिर्माण संयंत्र का उद्घाटन किया। मिर्जामुराद के खोचवां में 150 करोड़ रुपये की लागत से आठ एकड़ में स्थापित कंपनी की यह इकाई पूर्वांचल में पहली बड़ी फैक्टरी है। इस इकाई में प्रतिष्ठित ब्रांडों के लिए कपड़ों का उत्पादन किया जाएगा। स्पोर्ट्स वियर और अंडरगारमेंट्स तैयार किए जाएंगे। इकाई में करीब एक हजार महिलाओं को रोजगार देने की योजना है। पीएम ने उद्घाटन के बाद संयंत्र में प्रशिक्षण ले रहीं महिलाओं से संवाद किया। उन्होंने उनके काम, प्रशिक्षण और कामकाज के दौरान आने वाली चुनौतियों के बारे में जानकारी ली।
काशी में 20 लाख ने देखा एयर शो
धर्म और आस्था की नगरी काशी रविवार को वायुसेना के शौर्य, साहस और अद्भुत हवाई कौशल की साक्षी बनी। नमो घाट पर तीन दिवसीय एयर शो ‘विंग्स ओवर गंगा’ के अंतिम दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गंगा के ऊपर लड़ाकू विमानों की गर्जना और हैरतअंगेज कलाबाजियां देखीं। रविवार को आखिरी दिन 20 लाख लोगों ने वायुसेना का शौर्य देखा। गंगा पार 12 लाख और काशी के घाटों से 8 लाख लोगों ने एयर शो देखा।
वायुसेना ने पहली बार कुशल तालमेल से युद्धक दम दिखाया। सुखोई-30 एमकेआई, राफेल, मिग-29, जगुआर, मिराज-2000 और स्वदेशी तेजस ने जब एकसाथ उड़ान भरी, तो आसमान को रोमांच और राष्ट्रगौरव से भर दिया। आखिरी दिन पीएम मोदी के साथ रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, राज्यपाल आनंदीबेन पटेल और सीएम योगी आदित्यनाथ मौजूद थे। वायुसेना प्रमुख एपी सिंह, नौसेना प्रमुख एडमिरल कृष्णस्वामीनाथन, सीडीएस जनरल एनएस राजा सुब्रमणि भी एयर शो के दौरान मौजूद रहे।
बेटियों का साहस, 7 महिला पायलटों ने दिखाए करतब
कैलाश फॉर्मेशन में फ्लाइट लेफ्टिनेंट साधवी ने एम-32 की पायलट के रूप में हिस्सा लिया। उनके साथ स्क्वॉड्रन लीडर आर्या एस. क्रू मेंबर थीं। यह पहला मौका था जब एयर शो प्रचंड फॉर्मेशन में पांच अलग अलग लड़ाकू विमान मिसाइल से लोडेड शामिल हुए।