मध्य कश्मीर के बडगाम जिले में बुधवार की सुबह वायु सेना के एमआई-17 हेलीकॉप्टर हादसे में काशी के लाल विशाल पांडेय (34) ने भी जान गंवा दी। गुरुवार की सुबह जब यह समाचार वायु सेना के माध्यम से विशाल के परिजनों को मिला तो घर में कोहराम मच गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार विशाल वायु सेना में सार्जेंट पद पर तैनात थे। दो महीने पूर्व इनकी तैनाती जम्मू-कश्मीर में हुई थी। इसके पहले विशाल पांडेय राजस्थान में तैनात थे। रोहनिया क्षेत्र के मूल निवासी विशाल का परिवार वाराणसी के हुकुलगंज क्षेत्र में रहता है।
कश्मीर के बडगाम जिले के गरेंद कलां गांव में बुधवार की सुबह 10:38 बजे वायुसेना का हेलीकॉप्टर तकनीकी खामी के कारण गिर पड़ा था। उस समय बरामद छह शवों की शिनाख्त नहीं हो पाई थी।