वाराणसी। प्री मानसून की हल्की बारिश में ही शहर की खोदी गई सड़कों और उनसे जुड़े संपर्क मार्गों की हालत खराब हो गई। कीचड़ और गड्ढों में जलभराव के कारण पैदल और दो पहिया वाहन से चलना मुश्किल हो गया।
नगर निगम और लोक निर्माण विभाग शहर की सड़कों की मरम्मत के प्रति गंभीर नहीं हैं। सड़कें जल्द दुरुस्त न कराई गईं तो बारिश के दिनों में परेशानियां बढ़नी तय हैं।
लोक निर्माण राज्य मंत्री सुरेंद्र पटेल का निर्देश था कि जून के पहले सभी सड़कें दुरुस्त कर ली जाएं। हालांकि लोक निर्माण विभाग और नगर निगम पर मंत्री के निर्देशों का कोई खास असर अब तक नजर नहीं आया।
पांडेयपुर से आशापुर, पांडेयपुर से हुकुलगंज, खजुरी, भोजूबीर से सिंधोरा, लहरतारा से छित्तूपुर, संकटमोचन मोड़ से लंका चौराहा, साकेत नगर, गांधी नगर सहित कई अन्य क्षेत्रों की सड़कें गड्ढों में तब्दील हैं।
खुदाई के कारण रथयात्रा चौराहा से सिगरा चौराहा, कमच्छा फल मंडी सहित कुछ अन्य स्थानों की सड़कें भी बदहाल हैं। इन सड़कों की हालत बारिश से पहले न सुधरी तो कीचड़ और पानी के बीच राह चलना दुश्वार हो जाएगा।