अहिंसा परमोधर्म:..., जय-जय जिनेंद्र देव की भवसागर नाव खेवकी... के उद्घोष के साथ जैन समाज के लोगाें ने शोभायात्रा निकाली। 10 दिनों की तपस्या, व्रत एवं एकासना व्रत करने वालों के सम्मान में निकली शोभायात्रा में जैन समाज के लोग कोविड प्रोटोकॉल के साथ शामिल हुए। भक्तों ने तीर्थंकरों के दर्शन-पूजन कर आहार ग्रहण कर पारणा उत्सव मनाया।
ग्वालदास साहू लेन स्थित श्री दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में सोमवार को तीर्थंकरों के अभिषेक के उपरांत गाजे-बाजे, जयकारे के साथ शोभायात्रा आरंभ हुई। समाज के अध्यक्ष राजेश जैन एवं मंत्री विशाल जैन ने तिलक, चंदन एवं माल्यार्पण कर व्रतियों का स्वागत अभिनंदन किया। शोभायात्रा ग्वालदास साहू लेन से प्रारंभ होकर बुलानाला होते हुए मैदागिन स्थित श्री दिगंबर जैन मंदिर पहुंची। मंदिर में भक्तों का स्वागत पुष्प वर्षा एवं माल्यार्पण कर प्रबंधक भूपेंद्र जैन ने किया।
उधर, भेलूपुर स्थित जैन मंदिर से व्रत करने वालों की शोभायात्रा मंदिर से निकलकर खड़ग सेन उदय राज मंदिर गई, वहां भक्तों ने दर्शन-पूजन किया। विनोद जैन चांदी वाले, मंजू जैन, छाया जैन, रजनी जैन, आकृति जैन, किशोर जैन, अर्चना जैन, श्वेता जैन, आलोक जैन, निधि जैन एवं संध्या जैन ने परम पूज्य आचार्य विशद सागर से आशीर्वाद प्राप्त कर मंदिर में पूजन अर्चन किया। समाज के पदाधिकारियों ने चंदन माल्यार्पण कर उनका स्वागत किया एवं उनके कठिन तप-व्रत की अनुमोदन किया।
मेरा कोई न सहारा बिन तेरे महावीर सांवरिया तेरे...
ग्वालदास साहूलेन स्थित श्री दिगंबर जैन पंचायती मंदिर में सायंकाल दसलक्षण पर्व की खुशी में भक्ति संगीत का आयोजन किया गया। इसमें प्रसिद्ध जैन भजन गायक विजय सिंह जैन एंड ग्रुप ने कई मनोहारी भजन प्रस्तुत किया। इसमें मेरा कोई ना सहारा बिन तेरे महावीर सांवरिया तेरे..., भगवान मुझे अपना बना लोगे तो क्या होगा... की प्रस्तुति की। राकेश सिंह जैन ने तुझसे लागी लगन ले लो अपनी शरण... प्रस्तुत कर माहौल को भक्ति रस से सराबोर कर दिया। समाज की कई महिलाओं-पुरुषों ने भी कई भजन प्रस्तुत कर भक्ति नृत्य प्रस्तुत कर भगवान के प्रति अपनी श्रद्धा समर्पित की। संचालन विशाल जैन एवं आभार रत्नेश जैन ने किया। आयोजन में प्रमुख रूप से समाज के सभापति दीपक जैन, उपाध्यक्ष राजेश जैन, प्रधानमंत्री अरुण जैन, प्रताप चंद जैन, राजकुमार बागड़ा, तरुण जैन, अरुण पोद्दार आदि मौजूद रहे।