श्री काशी विश्वनाथ धाम में बनने वाला बाजार सावन के बाद गुलजार होगा। मंदिर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। धाम की दुकानें धीरे-धीरे सजने लगी हैं। दुकानों के आवंटन का काम अंतिम चरण में चल रहा है। धाम क्षेत्र में खाने-पीने की दुकानों पर केवल ब्रांडेड और डिब्बा बंद खाद्य पदार्थ ही बेचने की अनुमति रहेगी।
काशी विश्वनाथ धाम का परिसर श्रद्धालुओं से गुलजार हो गया है। सावन के 15 दिनों में ही रिकॉर्ड तोड़ श्रद्धालुओं की संख्या को देख मंदिर प्रशासन बेहद उत्साहित है। दुकानों को जल्द से जल्द शुरू करने की योजना को आगे बढ़ाया जा रहा है। धाम क्षेत्र से लेकर गंगा किनारे तक खुलने वाली खानपान की दुकानों के लिए बड़ी-बड़ी कंपनियों को आवंटन किया गया है। बाकी दुकानों के आवंटन का काम अंतिम दौर में चल रहा है। धाम क्षेत्र में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय फूड चेन के आउटलेट खुलेंगे। खास बात यह है कि इन सभी दुकानों पर पकाने की सुविधा नहीं होगी। ग्राहकों को केवल डिब्बा बंद खाद्य पदार्थ ही उपलब्ध कराए जाएंगे। धाम क्षेत्र की सुरक्षा के लिहाज से मंदिर प्रशासन ने यह निर्णय लिया है। गंगा किनारे खुलने वाले कैफेटेरिया का स्वरूप भी अब तैयार हो चुका है। इसके साथ ही धाम क्षेत्र में सफाई करने वाली कंपनी ने अपना काम शुरू कर दिया है। मंडलायुक्त दीपक अग्रवाल ने बताया कि ई टेंडर के माध्यम से लगातार दुकानों का आवंटन किया जा रहा है। कई सुविधाओं के लिए कंपनियों का आवंटन कर दिया गया है।