शहर का अतिक्रमण नगर निगम के लिए बड़ा नासूर बन गया है। प्रतिदिन अतिक्रमण के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसके बावजूद अतिक्रमण है कि खत्म होने का नाम ही नहीं ले रहा है। हालत यह है कि ठेले और खोमचे के साथ दुकान के बाहर सड़क पर सामान बिखेरकर लगा दी जाती हैं। इससे यातायात बाधित हो रहा है। साथ ही लोगों को भी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं। निगम की ओर से कोई निगरानी नहीं की जा रही है। अधिकारी एक के बाद दूसरे जोन में अभियान को धार दे रहे हैं। जबकि जमीनी हकीकत इससे उलट है। बीते माह से स्वच्छता सर्वेक्षण के तहत वरुणा पार, कोतवाली, दशाश्वमेध, भेलूपुर और आदमपुर जोन में अतिक्रमण के खिलाफ चलाया जा रहा है। अवैध वेंडरों पर कार्रवाई और गंदगी के लिए लाखों रुपये का जुर्माना भी वसूला जा चुका है।
अंधरापुल-तेलियाबाग मार्ग आए दिन यातायात बाधित
अंधरापुल-तेलियाबाग मार्ग पर दुकान के बाहर रखे सामानों की वजह से जाम लग रहा है। शनिवार को भी यही स्थिति रही। दुकान के बाहर सड़क पर जूते के डब्बों से लेकर फाइवर के कार्पेेट व अन्य सामान रखे जाने से यातायात बाधित रहा।
कैंट रेलवे स्टेशन और रोडवेज के बाहर पैदल चलना मुश्किल
कैंट रेलवे स्टेशन और रोडवेज के बाहर अवैध रूप से लगाए जा रहे ठेले, खोमचों द्वारा अतिक्रमण किया जा रहा है। ऐसे में स्टेशन से आनेजाने वाले यात्रियों और राहगीरों को समस्या झेलनी पड़ रही है। शनिवार को भी यही हाल रहा।
चौकाघाट लकड़ी मंडी बिखरा सामान
चौकाघाट लकड़मंडी में मनमानी कर सड़कों पर लकड़ी से बनी कुर्सियां, चौकियां और अन्य लकड़ी की सामग्री फैली दी जाती हैं। यहीं से निजी बसों का भी संचालन किया जाता है। जिससे अक्सर यातायात बाधित हो रहा है।
नगर निगम की ओर से वेंडिंग जोन बनाए गए हैं। जहां पर ठेले खोमचे वालों को शिफ्ट किया जा रहा है। इसके बावजूद वे वहां जाना नहीं चाहते हैं। अतिक्रमण हटवाने के लिए सोमवार से बड़ा अभियान चलाएंगे। -प्रणय सिंह, नगर आयुक्त