अनावश्यक मुद्दों को लेकर अधिवक्ता हड़ताल न करें, ताकि अदालती कार्य सुचारु रूप से चल सके। हड़ताल से अधिवक्ताओं का और वादकारियों का नुकसान होता है। अगर कोई समस्या है तो अधिवक्ता किसी भी दिन दोपहर तीन बजे के बाद मिलकर बात करें। यह बातें जिला जज ओमप्रकाश त्रिपाठी ने रविवार को बनारस बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों के शपथ ग्रहण समारोह में कहीं।
जिला जज ने कहा कि अधिवक्ता अपनी कचहरी के वरिष्ठ अधिवक्ताओं से सलाह लें और उनके अनुभवों का फायदा उठाएं। जिला जज ने निर्वाचित अध्यक्ष विनोद कुमार पांडेय, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सत्येंद्र सिन्हा, महामंत्री विवेक सिंह समेत कार्यकारिणी के अन्य पदाधिकारियों व सदस्यों को भव्य कार्यक्रम के बीच शपथ दिलाई। कार्यक्रम में जिला जज समेत वरिष्ठ अधिवक्ताओं को स्मृति चिह्न और शॉल देकर सम्मानित किया गया। इस दौरान एसोसिएशन की मैनेजिंग कमेटी के दो खाली पदों पर दुर्गा प्रसाद और तारकनाथ गांगुली को मनोनीत किया गया। कार्यक्रम में सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक उपाध्याय, सीजेएम एसपी यादव, राधेश्याम चौबे, राधेमोहन त्रिपाठी, सौरभ श्रीवास्तव, अमरनाथ शर्मा, रामानंद श्रीवास्तव, इकबाल हसन पप्पू, निवर्तमान अध्यक्ष मोहन सिंह यादव व महामंत्री अरुण सिंह झप्पू समेत काफी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
बार काउंसिल सदस्यों के न आने पर जताई नाराजगी
कार्यक्रम में आमंत्रित यूपी बार काउंसिल के तीन सदस्यों के न आने पर बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद पांडेय ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि सम्मान उन्हीं को मिलेगा जो सम्मान देगा।