बीएचयू में बवाल के मामले में गिरफ्तार शुभम तेवतिया की बुधवार को बनारस के कचहरी परिसर में अधिवक्ताओं ने जमकर पिटाई करते हुए हंगामा किया। पुलिस ने बीचबचाव कर शुभम को अधिवक्ताओं के चंगुल से निकाला और अदालत के सामने पेश कर जिला जेल में दाखिल कर दिया।
बताया जाता है कि कुछ दिन पहले बीएचयू में बिड़ला हॉस्टल के समीप शुभम तेवतिया ने एक अधिवक्ता से मारपीट की थी। उन्होंने शुभम को कचहरी में देखा तो अपने साथियों के साथ उससे उलझ गए।
बीते 20 दिसंबर की शाम बीएचयू परिसर में खड़े वाहनों में जमकर तोड़फोड़ और आगजनी की गई थी। इस मामले में 13 छात्रों के खिलाफ बीएचयू प्रशासन की ओर से लंका थाने में मुकदमा दर्ज कराकर सभी को निलंबित कर दिया गया।
घटना में आरोपी बुलंदशहर निवासी शुभम तेवतिया को लंका पुलिस ने मंगलवार की शाम नगवां से गिरफ्तार किया। बुधवार को पुलिस अदालत में पेश करने के लिए शुभम को लेकर कचहरी परिसर पहुंची।
जेएम प्रथम की कोर्ट के समीप पुलिस शुभम को लेकर पहुंची ही थी कि अधिवक्ताओं ने उसे घेर लिया और पिटाई कर दी। अचानक शुरू हुई हाथापाई और हंगामे के कारण कचहरी परिसर में थोड़ी देर तक अफरातफरी की स्थिति रही।