धीरेंद्र महिला महाविद्यालय में कोरोना संक्रमण के कारण प्रवेश परीक्षा का आयोजन नहीं कराया जा रहा है। महाविद्यालय में स्नातक और स्नातकोत्तर में दाखिले के लिए मेरिट और इंटरव्यू को आधार बनाया गया है। कॉलेज के विभिन्न कोर्सों में दाखिले की प्रक्रिया ऑनलाइन और आफलाइन शुरू हो चुकी है। आवेदन की अंतिम तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है।
धीरेंद्र महिला महाविद्यालय में बीए, बीएससी, बीकॉम, बीबीए, बीसीए, बीएफ, बीपीएड सहित स्नातकोत्तर में दाखिला शुरू हो चुका है। महाविद्यालय में नए सत्र से एमलिब और एमएससी के नए पाठ्यक्रम भी शुरू हो रहे हैं। प्राचार्य डॉ. नलिनी मिश्रा ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए प्रवेश परीक्षा का आयोजन नहीं कराया जा रहा है। महाविद्यालय की वेबसाइट पर छात्राएं आवेदन करके दाखिला ले सकती हैं। आवेदन स्वीकृत होने के बाद उनका एक ऑनलाइन इंटरव्यू भी लिया जाएगा। इसके बाद उनके दाखिले की प्रक्रिया पूर्ण होगी। प्रवेश के लिए ऑनलाइन और आफलाइन दोनों माध्यम से आवेदन किया जा सकता है।