---------------------
जिले में तेजी से बढ़ी है आपराधिक घटनाएं, प्रभावी तरीके से लगाएं रोक
- व्यापारियों ने एडीजी जोन से की मुलाकात, बोले - जाम की समस्या का कराएं स्थायी समाधान
- पैदल गश्त पर जोर देने और तीन माह में एक बार बैठक कर समस्याएं सुनने की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
वाराणसी। जिले में हाल के दिनों में लूट, हत्या, रंगदारी मांगने और दुष्कर्म जैसी आपराधिक घटनाओं में तेजी से बढ़ोतरी हुई है। तेजी से बढ़ी आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी तरीके से अंकुश लगाने की जरूरत है। एडीजी जोन ब्रज भूषण से उनके कार्यालय में मंगलवार को यह मांग व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने की। कहा कि जाम से संबंधित समस्या का स्थायी समाधान कराया जाए। जिले में तैनात अक्षम थानेदारों और चौकी इंचार्जों को हटा कर उनकी जगह ईमानदार पुलिसकर्मी तैनात किए जाएं। सड़कों के साथ ही गलियों में क्षेत्राधिकारी और थानेदार पैदल गश्त करें ताकि आपराधिक घटनाओं को रोका जा सके।
वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने कहा कि पुलिस अफसर जरूरत पड़ने पर भी व्यापारी संगठनों के पदाधिकारियों का फोन नहीं उठाते, जबकि पहले ऐसा नहीं होता था। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के प्रति इस उपेक्षात्मक रवैये को गंभीरता से लेकर सुधार की जरूरत है। प्रत्येक तीन माह में व्यापारी संगठनों और संभ्रांत नागरिकों के साथ एडीजी जोन बैठक करें ताकि पुलिस और कानून व्यवस्था से जुड़ी समस्याओं के बारे में उन्हें बताया जा सके। मुकदमा दर्ज कराने के बाद भी पुलिसकर्मियों के भ्रष्टाचार में लिप्त होने के कारण पीड़ित पक्ष को न्याय नहीं मिलता है, इसे गंभीरता से लिया जाए। एडीजी जोन ने आश्वस्त किया कि व्यापारियों द्वारा बताई गई समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता से लेकर उनका समाधान कराया जाएगा। इस दौरान वाराणसी व्यापार मंडल के महामंत्री प्रमोद अग्रहरि, विश्वनाथ दुबे, संजय गुप्ता, मनीष गुप्ता, विकास गुप्ता, शाहिद कुरैशी, तिलकराज, अशोक सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।