एडीजी जोन बृजभूषण ने कहा कि आगामी पंचायत चुनाव के मद्देनजर माहौल खराब करने वालों को चिह्नित कर कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने थानेदारों को निर्देश दिया कि किसी भी सूरत में अपराधी किस्म के तत्व बख्शे नहीं जाने चाहिए। एडीजी जोन बुधवार को भदोही पुलिस लाइन का निरीक्षण करने के बाद अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर रहे थे।
एडीजी जोन सुबह 11 बजे ज्ञानपुर पहुंचे। तीन घंटे से अधिक समय तक पुलिस अफसरों के साथ बैठक कर जवानों का सम्मेलन व अपराध समीक्षा करने का दिशा-निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि वार्षिक निरीक्षण का मुख्य मकसद पंचायत चुनाव को निष्पक्ष एवं शांति पूर्वक ढंग से संपन्न कराना है।
इसके लिए सभी थानेदारों और क्षेत्राधिकारियों को निर्देश दिया गया कि गांव में भावी, निवर्तमान प्रधानों की सूची बनाएं। एडीजी ने बताया कि गैंगेस्टर एक्ट में अपराधियों की संपत्ति जब्त करने के साथ-साथ सरकारी जमीन पर हुए अवैध निर्माण को भी ध्वस्त कराया जाएगा। जोन में वर्ष 2020 में माफिया की 370 करोड़ की संपत्ति जब्त की गई है या/ नष्ट की गई है।
एडीजी ने साफ कर दिया कि भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टोलेरेंस की व्यवस्था जारी रहेगी। इसमें कोई पुलिसकर्मी लिप्त मिला तो कार्रवाई के बाद उसे जेल भेजा जाएगा। इस मौके पर आईजी पीयूष श्रीवास्तव, एसपी रामबदन सिंह, एएसपी रविंद्र कुमार वर्मा संग सभी सीओ, सभी थानेदार मौजूद रहे।