गृहकर वसूली में खराब प्रदर्शन करने वाले नगर निगम के पांच कर निरीक्षकों पर कार्रवाई होगी। सोमवार को समीक्षा बैठक में नगर आयुक्त ने कम वसूली करने वाले निरीक्षकों को प्रतिकूल प्रविष्टि जारी कर उनके खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। साथ ही उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर निरीक्षकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
नगर आयुक्त प्रणय सिंह ने कैंप कार्यालय में चालू वित्तीय वर्ष में अक्तूबर तक की गई गृहकर वसूली की प्रगति की जानकारी ली। पता चला कि अक्तूबर तक 60 करोड़ गृहकर वसूली के लक्ष्य के मुकाबले 24.18 करोड़ वसूली की गई है। जबकि कम से कम 50 फीसदी वसूली हो जानी चाहिए थी। इस पर नगर आयुक्त ने नाराजगी जताई। आदमपुर जोन के राजस्व निरीक्षक अमरजीत तिवारी की सबसे कम महज 18.07 प्रतिशत गृहकर वसूली मिली। उन्हें प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई। इसके अलावा चार अन्य कर निरीक्षकों की वसूली खराब पाई गई। नगर आयुक्त ने उनके खिलाफ कार्रवाई का निर्देश दिया। कोतवाली जोन के राजस्व निरीक्षक सुशील कुमार को सबसे अधिक वसूली (60.49 फीसदी) पर प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इसी तरह छह अन्य निरीक्षकों को भी सम्मानित किया गया। नगर आयुक्त ने पांचों जोन के 10-10 बड़े बकाएदारों के फाइलों की समीक्षा की। बड़े बकाएदारों से वसूली के लिए कानूनी हथकंडे अपनाने का निर्देश दिया। जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया कि कर निरीक्षकों का प्रतिदिन का लक्ष्य बनाकर वसूली कराएं।
सब जोन में 14 से लगेंगे शिविर
वाराणसी। नगर आयुक्त ने 14 से 17 नवंबर तक नगर निगम के सभी 14 सब जोन में शिविर लगाकर गृहकर वसूली का निर्देश प्रभारी अधिकारी (कर) पीके द्विवेदी को दिया। इसमें जीआईएस नोटिस में प्राप्त आपत्तियों का त्वरित निस्तारण कराकर जमा कराया जाएगा।