सेवापुरी विकास क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय लालपुर में कार्यरत सहायक अध्यापक पंकज कुमार यादव पिछले 10 माह से अपने स्कूल नहीं आ रहे हैं। वहीं विद्यालय के वरिष्ठ अध्यापक एवं खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा उनसे कई बार संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद बीएसए ने अध्यापक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उन्हें बीआरसी से संबद्घ कर दिया गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी सेवापुरी डीपी सिंह ने बताया कि सहायक अध्यापक के विद्यालय ना आने से विभागीय कार्य बाधित है। उनके द्वारा मानव संपदा संशोधन का कार्य भी नहीं किया जा रहा है। मामले की जांच के लिए बीएसए ने तीन सदस्यीय जांच कमेटी का गठन किया है, जो अनियमितताओं के स्थलीय निरीक्षण करेगा। मामले की जांच के लिए डीपी सिंह खंड शिक्षा अधिकारी सेवापुरी, खंड शिक्षा अधिकारी चिरईगांव रामटहल, खंड शिक्षा अधिकारी आराजी लाइन स्कंद गुप्ता को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच कमेटी को 15 दिन के अंदर रिपोर्ट सौंपना है।