वाराणसी। लहुराबीर चौराहा स्थित एक होटल में मंगलवार की रात महाराष्ट्र निवासी एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। युवक के चेहरे पर 50 और 100 रुपये के नोट संग सिक्के चिपके हुए थे। होटल प्रबंधन के अनुसार, युवक एक दिन पहले आकर ठहरा था। उसकी शिनाख्त चंदन यादव (33) के तौर पर हुई है। चेतगंज थाने की पुलिस यह पता कर रही है कि उसने यह कदम क्यों उठाया।
पुलिस के अनुसार, जिस हाल में युवक का शव मिला है, उसके आधार पर प्रथम दृष्टया यही समझ में आया है कि उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। चंदन यादव गणेश कृपा सोसायटी शिवसेना वीर सावरकर नगर, थाणे, महाराष्ट्र का रहने वाला है। होटल कर्मियों की मानें तो युवक आने के बाद कमरे से बाहर नहीं निकला। मंगलवार की रात भी जब वह कमरे से बाहर नहीं निकला तो कर्मचारियों ने दरवाजा खटखटाया लेकिन भीतर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने बगल में स्थित खिड़की से भीतर देखा तो युवक को फंदे से लटका देख सन्न रह गए।