वाराणसी के राजातालाब तहसील में मंगलवार को संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचे फरियादी ने अपना शिकायती पत्र सौंपकर जहरीला पदार्थ खा लिया। आनन-फानन में उसे एंबुलेंस से मंडलीय अस्पताल कबीरचौरा इलाज के लिए भेजा गया। उसे मंडलीय अस्पताल के वार्ड नंबर सात में भर्ती किया गया है।
डॉक्टरों ने उसकी हालत खतरे से बाहर बताई है। फरियादी अमरनाथ बैरवन गांव का निवासी है। उसने अपने शिकायती पत्र में लिखा है कि वह अपने गांव के कुछ लोगों से परेशान है। इसलिए इच्छामृत्यु की अनुमति चाहता है। अमरनाथ ने लिखा है कि उसके गांव का ही एक व्यक्ति उसे अक्सर मारता-पीटता है।
जब वह खेत में काम करने जाता है तो उसके साथ गाली-गलौज करता है और पत्नी-बेटी को मारने की धमकी देता है। यह पत्र सौंपने के तुरंत बाद उसने संपूर्ण समाधान दिवस में ही जेब से एक शीशी निकाली और अपने मुंह में उड़ेल ली।
हालांकि तत्काल सीओ बड़ागांव शफीक अहमद की नजर पड़ गई और उन्होंने शीशी नीचे गिरा दी। इससे जहरीले पदार्थ का आधा हिस्सा जमीन पर गिर गया। इस बारे में तहसीलदार राजातालाब ओपी श्रीवास्तव ने बताया कि मामले की जांच के लिए रोहनिया थानाध्यक्ष को प्रकरण भेजा गया है। रोहनिया थानाध्यक्ष का कहना है कि मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।