ओबरा 1320 मेगावाट की निर्माणाधीन सी परियोजना में बिजली केबल को शिफ्ट करने के दौरान रविवार की सुबह करीब सवा नौ बजे तीन मजदूरों के मिट्टी में दबने से परियोजना में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे सीओ भाष्कर वर्मा की मौजूदगी में करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद तीनों मजदूरों को निकाला गया। इस दौरान एक मजदूर की मौत हो गयी। ओबरा पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
सी परियोजना के लिए करीब 25 फीट मिट्टी से नीचे बिजली के तार को ले जाया गया है। इसमें आयी खराबी के कारण मिट्टी की मशीन से खुदाई करके फोरमैन रविंद्र शाह व इलेक्ट्रिशियन अजय कुशवाहा तथा हेल्पर छत्रधारी तीनों करीब 25 फिट नीचे गड्ढे में जाकर बिजली की तार को शिफ्ट कर रहे थे, इसी बीच मिट्टी का एक बड़ा भाग भसक कर गड्ढे में गिर गया, जिसमें तीनों मजदूर दब गए।