बक्सर के डीएसपी गौरव पांडेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव के युवक आई-20 कार से जा रहे थे और कार की गति काफी तेज थी। इसी दौरान बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के सोनपा गांव के पास हनुमान राय के डेरा के समीप कार ने बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बाइक सवार अरुण कुमार (23) निवासी उतरौली की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक सवार शुभम कुमार (21) निवासी सौरी और शिवम कुमार (18) निवासी जलीलपुर गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें बक्सर सदर अस्पताल से वाराणसी के लिए रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में दोनों ने दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद घर में विलाप करतीं महिलाएं।
- फोटो : संवाद
उधर, जिले के गहमर थाना क्षेत्र के भतौरा गांव निवासी कार सवार बादल कुमार (30), इरफान अंसारी (25),अरबाज खान (20), दिव्यांशु ठाकुर (22) की भी मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक छांगुर उर्फ सतेंद्र मौके से लापता हो गया। उसकी तलाश की जा रही है।
भतौरा के ग्राम प्रशासक ने बताया कि भतौरा गांव निवासी रामनिवास राम के पुत्र अरुण राम की बारात बिहार के कैमूर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र स्थित बिशुनपुरा गांव जा रही थी। इसी दौरान चौसा-मोहनिया मार्ग पर सोनपा गांव के समीप जलीलपुर स्थित हनुमान राय के डेरा के पास हादसा हो गया।
टक्कर के बाद कार करीब 20 फीट हवा में उछलकर सड़क के दूसरी ओर खेत में पलट गई। मौके पर चीख-पुकार मच गई। ग्रामीणों ने कार के दरवाजे तोड़कर अंदर फंसे युवकों को बाहर निकाला। वहीं, अरुण के मित्र सौरभ सिंह ने बताया कि अरुण छठ पूजा के लिए अपने ननिहाल गया था। वह दो दोस्तों के साथ खाना खाने के बाद लौट रहा था, तभी तेज रफ्तार कार की टक्कर से हादसा हो गया।
बक्सर के डीएसपी गौरव पांडेय ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। सात युवकों की मौत से गाजीपुर और बक्सर के गांवों में शोक की लहर दौड़ गई है।