मिर्जामुराद। मुबारकपुर गांव में सोमवार की शाम बच्चों के साथ छत पर होली खेल रही तीन वर्षीय मासूम की सीढ़ी पर फिसलकर गिरने से मौत हो गई। मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मचा हुआ था। वहीं, त्योहार के दिन हुई मासूम की मौत से पड़ोसी और ग्रामीण भी खासे गमगीन दिखे।
मिर्जामुराद थाना अंतर्गत मुबारकपुर गांव निवासी अनिल पाल जम्मू-कश्मीर में आईटीबीपी में तैनात हैं। अनिल इन दिनों छुट्टी लेकर घर आए हुए हैं। अनिल की बेटी पीहू उर्फ छोटी पाल शाम के समय कुछ बच्चों के साथ छत पर खेल रही थी। इसी दौरान पीहू का पैर सीढ़ियों पर फिसला और उसके सिर में गंभीर चोट लगी। आननफानन पीहू को वाराणसी स्थित नर्सिंगहोम ले जाया गया जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद छोटी की मां सीमा देवी और पिता अनिल का रो-रोकर बुरा हाल था। मासूम के परिजनों ने बताया कि पीहू से बड़ा उसका एक भाई है।