भीमपुरा क्षेत्र के खूंटा गांव में क्षतिग्रस्त अंबेडकर प्रतिमा की सूचना पर पहुंचकर लोगों से वार्
- फोटो : BALLIA
भीमपुरा। थाना क्षेत्र के खूंटा गांव में अराजकतत्वों ने रविवार की रात आंबेडकर प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। इससे नाराज लोगों ने प्रतिमा के पास पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराने का प्रयास किया लेकिन बात नहीं बनी। हालात बिगड़ते देख क्षेत्राधिकारी रसड़ा और एसडीएम बेल्थरारोड मौके पर पहुंचे। एसडीएम द्वारा नई प्रतिमा लगवाने के आश्वासन पर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।
थाना क्षेत्र के खूंटा बहोरवां गांव के खूंटा मौजे में होलिका दहन की रात आंबेडकर की प्रतिमा के दोनों बांह को क्षतिग्रस्त कर दिया गया था। ग्रामीणों की मानें तो जहां आंबेडकर प्रतिमा है, वह खलिहान की जमीन है और उसी स्थान पर बगल में वर्षों से होलिका दहन होता आया है। पुलिस की माने तो होलिका दहन होने के काफी देर तक पुलिस मौजूद रही। सुबह जब बस्ती के लोगों ने आंबेडकर की प्रतिमा को खंडित देखा तो आक्रोश बढ़ गया। कुछ ही समय में वहां लोगों की भीड़ हो गई। मौके पर पहुंचे डायल 112 के सिपाहियों ने इसकी सूचना थाने को दी। कुछ समय बाद थाना प्रभारी भी दलबल के साथ मौके पर पहुंचकर दलित समाज के लोगों को समझाने का प्रयास करने लगे। बात नहीं बनी तो मौके पर एसडीएम बेल्थरारोड सर्वेश यादव और क्षेत्राधिकारी रसड़ा शिवनारायण पहुंचे और लोगों को समझाया। एसडीएम ने नई प्रतिमा लगवाने का आश्वासन दिया, तब लोगों का गुस्सा शांत हुआ। सुनील कुमार की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्जकर जांच शुरू कर दी है।