समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता और महाराष्ट्र के पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष अबू आसिम आजमी ने शहरों के नाम बदलने को लेकर विरोध जताया है। इसके साथ ही उन्होंने सीएम योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर डाली।
सोशल साइटों के जरिए यह बयान सार्वजनिक होने पर मंगलवार को भाजपा नेता ने सरायमीर थाने में सपा नेता के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई। भाजपा जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह ने बयान सार्वजनिक करते हुए अबु आसिम आजमी से मांफी मांगने की बात कही है।
सरायमीर थाना क्षेत्र के मंजीर पट्टी गांव निवासी अबू आसिम आजमी मुंबई में रहते हैं। सोमवार को सरायमीर थाना क्षेत्र के छाऊ गांव निवासी एक व्यक्ति के यहां शादी थी जिसमें वे भाग लेने के लिए आए हुए हैं।
शादी समारोह में सार्वजनिक तौर पर अबू आसिम आजमी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विरुद्ध अभद्र टिप्पणी करते हुए कहा कि वर्ष 2019 के लोकसभा चुनाव में देश की जनता मोदी को सबक सिखा देगी। गुजरात प्रदेश के रहने वाले नरेंद्र मोदी को दोबारा गुजरात भेज देगी। सपा नेता ने प्रधानमंत्री के खिलाफ अशोभनीय शब्दों का प्रयोग किया।
इसके अलावा आजमगढ़ जिले का नाम बदलने के सवाल पर सपा नेता ने कहा कि आजमगढ़ जिले को आजम शाह ने बसाया है। उन्हीं के नाम पर जिले का नाम आजमगढ़ पड़ा है। मुख्यमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का प्रयोग करते हुए उन्होंने कहा कि आजमगढ़ का नाम नहीं बदला जा सकता।