प्रयागराज जिले के धूमनगंज थाना क्षेत्र से गत वर्ष 23 अप्रैल को फरार जर्मन नागरिक हेलिगर एरेक्स का पुलिस को पता चल गया है। वह केरल के एक अस्पताल में भर्ती है। जिले की पुलिस ने धूमनगंज पुलिस से संपर्क किया है।
राबर्ट्सगंज रेलवे स्टेशन पर चार नवंबर 2017 को एक इंजीनियर और जर्मन के हेलिगर एरेक्स से विवाद हो गया था। दोनों ने एक-दूसरे के खिलाफ जीआरपी चोपन में तहरीर दी थी। इस मामले में पांच नवंबर को राबर्ट्सगंज कोतवाली में एलआईयू के एसआई सीताराम की तहरीर पर हेलिगर एरेक्स के खिलाफ वीजा में धोखाधड़ी करने समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया था।
आरोप था कि जर्मन नागरिक समय समाप्त होने के बाद भी भारत में रह रहा था। जिला कारागार गुर्मा से 23 अप्रैल 2018 को पुलिस अभिरक्षा में जर्मन नागरिक को मारपीट के मामले में हिमाचल कुल्लू में पेशी पर ले जाया जा रहा था।
रात करीब सवा दो बजे प्रयागराज के बमरौली स्टेशन के बीच पुलिस कर्मियों को चकमा देकर वह फरार हो गया था। इस मामले में तत्कालीन एसपी आरपी सिंह ने सब इंस्पेक्टर सत्येंद्र विक्रम सिंह, कां. सत्य प्रकाश, संदीप सिंह और अनिल को निलंबित कर दिया था। 24 अप्रैल को धूमनगंज थाने में दरोगा सत्येंद्र विक्रम सिंह ने फरार जर्मन नागरिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
सोमवार को केरल की एक महिला ने मोबाइल से राबर्ट्सगंज कोतवाल सीपी पांडेय समेत अन्य पुलिस अधिकारियों को जर्मन हेलिगर एरेक्स के भर्ती होने की सूचना दी। सिटी सीओ राहुल मिश्रा ने बताया केरल के एक अस्पताल में जर्मन हेलिगर एरेक्स के उपचार कराने की सूचना मिली है। धूमनगंज थाने की पुलिस को सूचित कर दिया गया है।