माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत शनिवार की शाम चेकिंग के दौरान लंका थाने की पुलिस ने मुठभेड़ में एक बदमाश को गिरफ्तार किया।
बदमाश के दाएं पैर में गोली लगी है। उसकी पहचान ढाई साल से फरार 25 हजार के इनामी बदमाश गाजीपुर जिले के करीमुद्दीनपुर थाने के मिश्रपुरा निवासी विनय यादव के रूप में हुई है। उसके पास से एक तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद की गई है। एडीसीपी काशी जोन सरवणन टी ने बताया कि लंका थानाध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा अपनी टीम के साथ लौटूबीर अंडरपास के समीप बैरिकेडिंग करा कर चेकिंग कर रहे थे। रविदास मंदिर की ओर से एक बाइक सवार तेज रफ्तार में आता दिखा तो उन्होंने उसे रुकने का इशारा किया। इस पर वह तेजी से भागा।
लंका थानाध्यक्ष ने बाइक सवार का पीछा किया। इस पर असंतुलित होकर वह सड़क पर गिर गया। गिरते ही बदमाश ने खेत की आड़ लेकर पुलिस टीम पर दो राउंड फायरिंग की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके दाएं पैर पर गोली लगी। बदमाश की पहचान गोवध अधिनियम और पशु क्रूरता अधिनियम के तहत वर्ष 2022 में लंका थाने में दर्ज मुकदमे के वांछित विनय यादव के रूप में हुई। घायल बदमाश को उपचार के लिए बीएचयू ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है।
चार जिलों में दर्ज हैं 12 मुकदमे : लंका थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा ने बताया कि विनय के खिलाफ वाराणसी के अलावा गाजीपुर, जौनपुर और सुल्तानपुर में 12 मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गोवध अधिनियम के छह और हत्या का प्रयास व गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे शामिल हैं। उपचार के बाद विनय को रविवार को अदालत में पेश किया जाएगा।