अभिनंदन के नाम का बना फर्जी ट्विटर एकाउंट
- फोटो : amar ujala
देश एक तरफ विंग कमांडर अभिनंदन के वतन वापस आने की खुशियां मना रहा है, उनके शौर्य का बखान कर रहा है। वहीं, उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में एक अजीब मामला सामने आया है। विंग कमांडर अभिनंदन के नाम पर फर्जी ट्विटर एकाउंट बनाकर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान की तारीफ की जा रही है। ये बात तब सामने आई जब आजमगढ़ के एक युवक ने यूपी पुलिस को ट्वीट कर इसकी जानकारी दी।
यूपी पुलिस को ट्वीट कर शिकायत करने वाले अवकुश सिंह के मुताबिक हाल ही में अभिनंदन के नाम पर ये फर्जी ट्विटर एकाउंट बनाया गया है। काफी कम समय में ही इसके 14 सौ फॉलोवर हो गए हैं।
अभिनंदन के नाम से बनाए गए ट्विटर एकांउट के जरिए मैसेज किया गया है कि जितने दिन तक मैं पाक में रहा, इस दौरान अपने परिवार को बहुत याद कर रहा था। इस दर्द को इमरान ने समझा और मुझे रिहा कर दिया। इसके अलावा और भी कई बातें पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की शान में ट्वीट की गई हैं। फर्जी एकाउंट के जरिए पाकिस्तान की शान में भी बातें लिखी गई हैं।
ट्विटर पर हुए मैसेज के आदान-प्रदान को अंकु आर्या द्वारा अपने फेसबुक एकाउंट पर अपलोडकर सार्वजनिक किया गया है। इसकी जानकारी अवकुश सिंह को हुई तो उन्होंने यूपी पुलिस, डीआईजी आजमगढ़ परिक्षेत्र और एसपी से शिकायत की।
इस पर आजमगढ़ पुलिस को मामले में कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। मामला संज्ञान में आने पर एसपी ने क्राइम ब्रांच की साइबर सेल को जांच सौंपी है, साथ ही खुफिया विभाग के लोगों को भी संदिग्ध की पहचान करने के लिए लगाया गया है।