विश्व रक्तदाता सम्मान दिवस के अवसर पर रक्तदाताओं का किया सम्मान
बरेका महाप्रबंधक के दिशा-निर्देशन एवं प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार के कुशल नेतृत्व में विश्व रक्तदाता सम्मान दिवस के अवसर पर केंद्रीय चिकित्सालय में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन श्री हरशंकरानन्द जी ब्लड बैंक वाराणसी के सहयोग से किया गया।
शुभारंभ करते हुए प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने बताया कि सुरक्षित रक्त से जीवन को बचाने के लिए 18 से 65 वर्ष तक के सभी व्यक्तियों द्वारा (कुछ विशेष परिस्थितियों को छोड़कर) रक्तदान किया जाना चाहिए।
स्वैच्छिक रक्तदाताओं को सम्मानित करने से आम जनमानस को रक्तदान हेतु प्रेरित किया जाना चाहिए एवं स्वैच्छिक रक्तदान में लोगों को बढ़-चढ़ कर भाग लेना चाहिए, ताकि किसी के जीवन को बचाया जा सके।
बरेका महाप्रबंधक अभय बाकरे ने 36वीं बार रक्तदान करने के लिए जनसंपर्क अधिकारी राजेश कुमार, मुकेश कुमार सिंह को 11वीं बार, शिवकांत त्रिपाठी को 38वीं बार, उमेश श्रीवास्तव को 35वीं बार, नवीन कुमार सिंहा को 35वीं बार एवं विष्णु देव दूबे को 11वीं बार रक्तदान करने हेतु प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया ताकि अधिक से अधिक लोग प्रेरित होकर रक्तदान करें।