यूपी नगर निकाय चुनाव में आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पीएम के संसदीय क्षेत्र में केजरीवाल के अपने लोगों ने ही पार्टी पर बड़ा हमला बोला है। लोकसभा चुनाव के वक्त केजरीवाल के प्रस्तावक रहे लोगों ने आप प्रत्याशियों को वोट न देने की अपील की है।
बुधवार को पराड़कर भवन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान वो लोग भी रहे जो लोकसभा चुनाव में नामांकन के दौरान अरविंद केजरीवाल के प्रस्तावक रहे। प्रस्तावक नितिन श्रीवास्तव और श्वेता पांडेय के पति राकेश पांडेय सहित मौजूद अन्य वक्ताओं ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने आंदोलन और पार्टी दोनों को धोखा दिया है।
विज्ञापन
आप पार्टी ने सबसे बड़ा धोखा तो बनारस के लोगों को दिया है। जिन कार्यकर्ताओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी चुनाव लड़ने में मदद की उनकी अनदेखी की गई।
वक्ताओं ने कहा कि बनारस के लोगों ने केजरीवाल को तब सहारा दिया जब दिल्ली ने भी ठुकरा दिया था। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि बनारस में मेयर पद पर कोई चुनाव लड़ने वाला नहीं है। वक्ताओं ने कहा कि संजय सिंह भी उत्तर प्रदेश में वही खेल खेल रहे हैं जो पंजाब में हुआ था।
सभी ने अपील किया कि हम बनारस के हर एक वोटर से अपील करते हैँ कि निकाय चुनाव में आप प्रत्याशी को वोट न दें। इस बाबत जिला प्रवक्ता मुकेश सिंह ने कहा कि प्रेसवार्ता करने वाले आम आदमी पार्टी का कोई वास्ता नही है।
उन्होंने कहा कि अनुशासनहीनता और पार्टी गतिविधियों के कारण उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया है।