Aam Aadmi Party Protest In Varanasi : वाराणसी में आम आदमी पार्टी के सदस्यों व पदाधिकारियों ने मंगलवार को नीट परीक्षा परिणाम में गड़बड़ी को लेकर प्रदर्शन किया। इस दौरान पार्टी के लोगों ने राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा।
नीट परीक्षा के परिणाम में गड़बड़ी को लेकर आम आदमी पार्टी के पदाधिकारी और सदस्यों ने मंगलवार को शास्त्री घाट पर धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन भी सौंपा गया।
विज्ञापन
प्रदर्शन के दौरान पार्टी के जिलाध्यक्ष ई. रमा शंकर सिंह पटेल ने परिणाम को लेकर सरकार को घेरा। कहा कि नीट परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित और बड़ी परीक्षाओं में एक है, इसका पेपर भी लीक हो गया। बेरोजगारी और पेपर लीक समस्या से जूझ रहे नौजवानों को सरकार ने एक और झटका दे दिया। एक ओर जहां संवेदनहीन सरकार में भारतीयों का टोटा है तो वहीं दूसरी ओर भ्रष्टाचार में डूबी सरकार सभी परीक्षाओं का पेपर लीक होने की जिम्मेदार है। जिसकी वजह से नौजवानों को अपने भविष्य का कोई रास्ता नहीं दिख रहा है।
विज्ञापन
वहीं जिला महासचिव प्रो. अखिलेश पांडेय ने कहा की नीट की परीक्षा का परिणाम 14 जून को आना था, लेकिन आनन-फानन चार जून को ही लोकसभा चुनाव के परिणाम के दिन परिणाम घोषित कर दिया गया। इससे सवाल उठता है कि किस गुनाह को छिपाने के लिए परिणाम इस दिन घोषित किया गया। जिस प्रकार 67 बच्चों को पूरे 720 अंक दिए गए, कुछ बच्चों को 718, 719 नंबर दिए गए जो कि असंभव है क्योंकि एक प्रश्न छोड़ देने या गलत करने पर चार या पांच नंबर कम होने चाहिए, तो 718 और 719 नंबर कैसे दिए जा सकते हैं। इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि परीक्षा में गंभीर त्रुटि और भ्रष्टाचार किया गया है।
कहा कि आम आदमी पार्टी ज्ञापन के माध्यम से राष्ट्रपति से नीट परीक्षा के परिणाम के उच्च स्तरीय जांच और दोषियों को जेल भेजने की मांग करती है। जिससे नीट अभ्यर्थियों के भविष्य के साथ न्याय हो सके, धरना प्रदर्शन में इंजीनियर रमाशंकर सिंह पटेल जिला अध्यक्ष, अखिलेश पांडेय जिला महासचिव, अमर सिंह पटेल, कमला प्रसाद सिंह, सुभाष चंद्र वर्मा, राहुल त्रिवेदी, राम जी सिंह, रेखा जायसवाल, पीयूष श्रीवास्तव, बृजेश पटेल, अब्दुल रकीब, रमेश पटेल, बनारसी पटेल, संजय कुमार, प्रेम कुमार यादव, अरविंद यादव, नितेश सिंह, विवेक गुप्ता, मदन पटेल लोग मौजूद रहे।